सिवनी में भीषण बस हादसा: सड़क किनारे पलटी सूत्र सेवा बस, एक यात्री की मौत; 10 घायल
भोपाल से बालाघाट जा रही थी बस, बम्होड़ी पेट्रोल पंप के पास गड्ढे-ढलान से बिगड़ा संतुलन; पांच यात्रियों की हालत गंभीर
सिवनी में भीषण बस हादसा, एक यात्री की मौत; 10 घायल
Seoni, 06 October 2026
सिवनी यशो:- कोतवाली थाना क्षेत्र में छिंदवाड़ा-सिवनी नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह करीब 4:45 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। बम्होड़ी पेट्रोल पंप के पास भोपाल से बालाघाट जा रही यात्रियों से भरी सूत्र सेवा बस क्रमांक एमपी 04 पीए 3660 अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में बस के नीचे दबने से एक यात्री की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब 10 यात्री घायल हुए हैं। इनमें पांच यात्रियों को गंभीर चोटें आने की जानकारी है।
32 यात्री थे सवार, अचानक पलट गई बस
जानकारी के अनुसार हादसे के समय बस में कुल 32 यात्री सवार थे। सिवनी पहुंचने से पहले बम्होड़ी पेट्रोल पंप के पास अचानक बस का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क किनारे पलट गई। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। एक यात्री बस के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 के साथ कोतवाली, लखनवाड़ा और बंडोल थाना पुलिस का बल मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस सहित अन्य वाहनों की मदद से जिला अस्पताल सिवनी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
बालाघाट के सबसे ज्यादा यात्री
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बस में 21 यात्री बालाघाट, 5 वारासिवनी और 4 यात्री सिवनी के बताए गए हैं। घायलों में विवेक पटेल (28), महेश गडेल (41), राहुल नागेश्वर (30), शैलेंद्र मरावी (30), बृजेश बिसेन (35), पियूस धुर्वे (30), प्रीति (27), आंचल मदलेकर (27) और संयोगिता श्रीवास्तव (48) सहित अन्य यात्री शामिल हैं।
गड्ढे और ढलान को बताया जा रहा हादसे का कारण
प्रारंभिक जानकारी में हाईवे पर मौजूद गड्ढे और ढलान के कारण बस का संतुलन बिगड़ने की बात सामने आ रही है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने बताया कि बस पलटने से एक यात्री की मौत हुई है। मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :-
सिवनी में भीषण बस हादसा: सड़क किनारे पलटी सूत्र सेवा बस, एक यात्री की मौत; 10 घायल
आंधी-बारिश से मक्का फसल को भारी नुकसान, विधायक ने गांव-गांव पहुंचकर लिया जायजा
सेवा संकल्प अभियान में बरघाट के हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ, आवेदनों का मौके पर निराकरण



