सिवनी यशो:- दक्षिण सामान्य वनमंडल सिवनी की शाखा जिला यूनियन तेंदूपत्ता शाखामें पदस्थ सहायक ग्रेड-1 बी.पी.राजपाल की सेवानिवृत्ति पर उन्हें विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर आयोजित सादे समारोह में एस.एस.उद्दे मुख्य वन संरक्षक वृत्त सिवनी, सुदेश महिवाल वनमंडलाधिकारी दक्षिण सिवनी, गोपाल सिंह बघेल उपवनमंडलाधिकारी लखनादौन, उपवनमंडलाधिकारी सिवनी, कुरई एवं केवलारी ने श्री राजपाल के 36 वर्ष के कार्यकाल की भूरी भूरी प्रशंसा और दायित्वों के कुशल निर्वहन की सराहना करते हुए सेवानिवृत्ति के बाद सुखद एवं स्वस्थ्य जीवन की शुभकामनाएं दी।
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए श्री राजपाल ने कहा कि इस 36 वर्ष की नौकरी में मुझे कभी किसी के असहयोग का एहसास नहीं हुआ। मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि मेरी ज्वाईंनिग से लेकर सेवानिवृत्ति तक पूरा कार्यकाल दक्षिण सिवनी सामान्य वनमंडल में गुजरा। विभाग के सभी कर्मचारी साथी और अधिकारीगण हमेशा मुझे अपने ही परिवार का एक हिस्सा लगे और जब भी जरूरत हुई तो उनका मार्गदर्शन प्राप्त हुआ जिससे मैं अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर सका। अपनी नौकरी का सर्वाधिक समय 23 साल मैंने तेंदूपत्ता शाखा में ही व्यतीत किया है। इस शाखा के सभी कर्मचारी और समिति प्रबंधकों से मेरा रिश्ता बड़े और छोटे भाई के समान रहा है। आज भले मैं सेवानिवृत्त हो रहा हूं किंतु मैं अपने विभागीय परिवार से अलग नहीं हो रहा हूं। इस परिवार से मेरा जीवन्त संबंध बना रहेगा। यह भी आश्वस्त करता हूं कि जब भी इस परिवार को, तेंदूपत्ता शाखा से संबंधित मेरे अनुजों को जब भी जहां भी मेरी जरूरत महसूस होगी वहां मैं उपस्थित रहूंगा।
विदाई समारोह के समापन पर तेंदूपत्ता शाखा प्रभारी अखिलेश उइके के नेतृत्व में बलदेव सनोडिय़ा, भुजबल यादव, दयाशंकर नावरे ने बैण्ड बाजों के साथ श्री राजपाल को उनके निवास स्थान साथ ले जाकर उन्हें भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर संजीवनी प्रबंधक नारायण सनोडिय़ा ने साल, श्रीफल से श्री राजपाल का सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन रेनाल्ड सिंह मुख्य लिपिक सी.सी.एफ. कार्यालय एवं आभार प्रदर्शन गौरीशंकर तिवारी मुख्य लिपिक दक्षिण सिवनी वनमंडल ने किया।



