ज्येष्ठ की तपिश के बाद आषाढ़ की सौगात, सिवनी में तीन दिन से झमाझम बारिश; किसानों के चेहरे खिले
मानसून हुआ सक्रिय, किसानों ने युद्धस्तर पर शुरू की खरीफ की तैयारियां; अगले 48 घंटे में भी बारिश के आसार
सिवनी में बारिश – तीन दिन से झमाझम बारिश, महाकौशल में सक्रिय हुआ मानसून
सिवनी, 2 जुलाई 2026
सिवनी यशो :- मानसून की देरी और सूखे में गुजरे ज्येष्ठ माह ने भले ही लोगों की चिंता बढ़ा दी थी, लेकिन आषाढ़ की शुरुआत ने पूरे महाकौशल अंचल में राहत की फुहार लेकर आई है। सिवनी सहित बालाघाट, छिंदवाड़ा, मंडला, जबलपुर और आसपास के जिलों में पिछले तीन दिनों से लगातार झमाझम बारिश का दौर जारी है। इस बारिश ने न केवल मौसम को खुशनुमा बना दिया है, बल्कि किसानों के चेहरों पर भी मुस्कान लौटा दी है।
बुधवार को सुबह से लेकर देर शाम तक रुक-रुककर बारिश होती रही। सुबह लगभग 11:15 बजे तक तेज वर्षा हुई, जबकि दिनभर आसमान में काले बादल छाए रहे। लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली।
यह भी पढ़ें – खेत में उतरे CM मोहन यादव, किसानों संग रोपा धान, सिवनी पर बरसी ₹494 करोड़ की विकास सौगात
खरीफ सीजन ने पकड़ी रफ्तार
लगातार तीन दिनों से हो रही अच्छी वर्षा के कारण जिले में खरीफ फसलों की तैयारियां तेज हो गई हैं। कृषि विभाग से जुड़े जानकारों के अनुसार जिले के 80 प्रतिशत से अधिक किसानों ने धान की नर्सरी तैयार करने का कार्य पूरा कर लिया है, जबकि अन्य किसान भी बुआई की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
समय पर हुई वर्षा से धान, मक्का, सोयाबीन और अन्य खरीफ फसलों के लिए अनुकूल वातावरण बन गया है।
तालाबों और जलाशयों में बढ़ी पानी की आवक
लगातार बारिश से तालाबों, जलाशयों और छोटे नदी-नालों में पानी की आवक शुरू हो गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों की सिंचाई की चिंता काफी हद तक कम हुई है। हालांकि कुछ कच्चे मार्गों पर कीचड़ और फिसलन के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है।
24 घंटे में 26 मिमी औसत वर्षा दर्ज
भू-अभिलेख विभाग के अनुसार 1 जुलाई की सुबह 8 बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों में जिले में औसतन 26 मिलीमीटर (लगभग एक इंच) वर्षा दर्ज की गई। वहीं 1 जून से 1 जुलाई 2026 तक जिले में 87 मिलीमीटर औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 163 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई थी। जिले की सामान्य वार्षिक औसत वर्षा 1447 मिलीमीटर निर्धारित है।
अगले दो दिन भी सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून फिलहाल महाकौशल क्षेत्र पर सक्रिय बना हुआ है। अगले 48 घंटों के दौरान सिवनी सहित आसपास के जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज वर्षा की संभावना है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।
बारिश के इस दौर ने न केवल मौसम को सुहावना बनाया है, बल्कि कृषि कार्यों को नई गति देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भी नई उम्मीद जगा दी है। किसानों का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में भी इसी प्रकार संतुलित वर्षा होती रही तो इस वर्ष खरीफ फसलों का उत्पादन बेहतर रहने की संभावना है।
https://contentwriteups.blogspot.com/2013/08/paul-johnson-quotes.html?m=1



