क्राइमछिंदवाड़ा

बहू ने भतीजे के साथ मिलकर सास की हत्या कर लूटी नकदी-जेवरात, 5 आरोपी गिरफ्तार

छिंदवाड़ा जिले के परासिया क्षेत्र में 66 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या, पुलिस ने 72 घंटे में सुलझाया हत्याकांड, बहू और उसके भतीजे सहित गिरोह के सभी सदस्य गिरफ्तार

Chhindwara 07 August 2025
छिंदवाड़ा यशो:- परासिया के न्यू चीफ हाउस, वार्ड नंबर 16 में 66 वर्षीय विमला बाई सनोडिया की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है।

इस हत्याकांड में मृतका की बहू और उसके भतीजे सहित कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हत्या का कारण पैसे के लेनदेन से जुड़ा विवाद और पूर्व नियोजित लूटपाट बताया जा रहा है।

हत्या की साजिश बहू और भतीजे ने मिलकर रची

पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता गुप्ता ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि मृतका विमला बाई की बहू कल्पना सनोडिया, जो भोपाल में रहती है, ने अपने भतीजे अभिषेक श्रीवास्तव के साथ मिलकर लूट और हत्या की योजना बनाई थी।

 गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपी
गिरफ्तार आरोपी जिनमें मृतका की बहू भी शामिल

कल्पना द्वारा उधार दिए गए पैसों को लेकर दोनों के बीच विवाद था, जिसे लेकर उन्होंने विमला बाई के गहनों और पैसों की लूट की साजिश रची।

रैकी कर 5 अगस्त को दिया घटना को अंजाम

मुख्य आरोपी अभिषेक ने अपने तीन साथियों – रहीम, भूरा उर्फ जुबैर और नाहिद – के साथ मिलकर पहले मृतका के घर की रैकी की और फिर 5 अगस्त को विमला बाई के घर में घुसकर धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपियों ने घर से नकदी और जेवर लूट लिए और फरार हो गए।

CCTV फुटेज से मिला सुराग

पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से संदेहियों की गतिविधियों का पता लगाया।

यह भी पढ़े :- युवती की हत्या मामले में दोषी को आजीवन कारावास: सिवनी सत्र न्यायालय का फैसला

एक मोटरसाइकिल और कुछ संदिग्धों की पहचान के बाद मुख्य आरोपी अभिषेक को बाजार चौक, चांदामेटा से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपराध कबूल किया और बाकी साथियों के नाम उजागर किए।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. अभिषेक श्रीवास्तव पिता राजेश श्रीवास्तव – वार्ड नं.15, दरगाह चौक, चांदामेटा

  2. कल्पना सनोडिया पति राजकुमार – सर्वधर्म कॉलोनी, कोलार, भोपाल

  3. रहीम पिता मेहबूब शाह – मांग मोहल्ला, तिलक वार्ड, बैतूल

  4. भूरा उर्फ जुबैर पिता इस्माईल खां – तिलक वार्ड, बैतूल

  5. नाहिद पिता इरशाद अहमद – तिलक वार्ड, बैतूल

पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार

पुलिस महानिरीक्षक, जबलपुर जोन द्वारा इस जघन्य हत्याकांड के सफल अनावरण के लिए पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है। मामले की विवेचना अभी भी जारी है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button