मध्यप्रदेशराजनीतिसिवनी

छपारा में 30.32 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण

अमृत 2.0 योजना के तहत भीमगढ़ डैम से पाइपलाइन निर्माण सहित कई जनहितैषी योजनाओं का शुभारंभ

Seoni 21 June 2025

छपारा  यशो:-  छपारा नगर परिषद अंतर्गत शुक्रवार को लगभग 30 करोड़ 32 लाख की लागत से स्वीकृत विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मंडला-सिवनी सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, केवलारी विधायक ठा. रजनीश हरवंश सिंह एवं सिवनी विधायक  दिनेश राय मुनमुन विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का आयोजन दोपहर 2:30 बजे से 3:30 बजे तक हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

22 करोड़ की लागत से अमृत 2.0 के तहत पाइपलाइन कार्य शुरू

कार्यक्रम में भीमगढ़ डैम से छपारा नगर तक पाइपलाइन बिछाने की परियोजना का भूमि पूजन किया गया, जिसकी अनुमानित लागत ₹22 करोड़ है। यह कार्य अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत स्वीकृत किया गया है, जिससे नगर की जल आपूर्ति व्यवस्था में महत्वपूर्ण सुधार होगा।

विकास कार्यों की प्रमुख झलकियां

सांसद एवं विधायकों ने जिन विकास कार्यों की आधारशिला रखी, उनमें शामिल हैं:

  • ग्राम विलक्टा में स्नान घाट निर्माण

  • ग्राम सुकरी में शासकीय परिसर के लिए बाउंड्री वॉल

  • भीमगढ़ के बैनगंगा नदी पर स्नान घाट निर्माण

  • ग्राम मसूरभांवरी में रेंगा नाला पर स्नान घाट

  • स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के अंतर्गत एस.टी.पी. निर्माण कार्य

  • वार्ड 15, देवरीकलां में पुलिया निर्माण

  • विसर्जन कुंड, पार्क, शौचालय, गेट, चेन फेंसिंग, लाईटिंग एवं सीसी रोड निर्माण कार्य

जनप्रतिनिधियों ने रखी स्पष्ट मांगें और सुझाव

सभा को संबोधित करते हुए सिवनी विधायक श्री दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि टैक्स व्यवस्था तभी स्वीकार्य होगी जब सुविधाएं संतोषजनक हों। वहीं केवलारी विधायक ठा. रजनीश सिंह ने बैनगंगा नदी पुल घाट पर स्टॉप डैम निर्माण के लिए सांसद एवं विधायक से सहयोग की अपील की।

सभा में नगर की प्रकाश व्यवस्था, सड़क चौड़ीकरण और पीएम आवास योजना के लंबित प्रकरणों पर भी चर्चा हुई। सीएमओ श्री श्याम गोपाल भारती एवं विद्युत वितरण कंपनी के श्री शरदेंदु पांडेय को मंच से निर्देशित किया गया कि एक सप्ताह के भीतर संबंधित समस्याओं का निराकरण किया जाए

विकास की गति को मिलेगी नई दिशा

इन सभी कार्यों के सफल क्रियान्वयन से छपारा नगर एवं आसपास के ग्रामीण अंचलों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय अधोसंरचना में गुणात्मक सुधार होगा।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!