सिवनी पुलिस का नाइट कांबिंग ऑपरेशन: 82 वारंटी गिरफ्तार, 95 निगरानी बदमाश चेक
सिवनी यशो :- जिले में फरार अपराधियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए सिवनी पुलिस ने 18-19 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि नाइट कांबिंग ऑपरेशन चलाया। पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी (भापुसे) के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में 82 वारंटियों को गिरफ्तार किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा के नेतृत्व में 19 अगस्त की रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में शहर और ग्रामीण इलाकों में व्यापक कांबिंग गश्त की गई। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने वारंटियों और फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी।
33 स्थाई और 49 गिरफ्तारी वारंट तामील
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान कुल 33 स्थाई वारंट और 49 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। इस कार्रवाई में कुल 82 वारंटियों की गिरफ्तारी हुई।
इसके अलावा पुलिस टीमों ने जिले के 95 निगरानी बदमाश, गुंडा बदमाश और संदिग्ध व्यक्तियों को चेक किया। पुलिस ने इनकी गतिविधियों और वर्तमान स्थिति की भी जांच की।
140 से अधिक संदिग्ध वाहनों की जांच
नाइट कांबिंग ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने केवल वारंटियों की धरपकड़ तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी। होटल, ढाबे, लॉज और धार्मिक स्थलों की भी जांच की गई। इसके साथ ही जिले में 140 से अधिक संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की गई।
84 पुलिसकर्मी अभियान में शामिल
प्रभावी नाइट कांबिंग गश्त के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस बल को पहले से ब्रीफ कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। अभियान में 4 राजपत्रित पुलिस अधिकारियों सहित सभी थाना एवं चौकी प्रभारी और कुल 84 पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस के इस अभियान का उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, फरार वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करना और असामाजिक एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखना रहा। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें:-
22 अगस्त से बदलेगा छिंदवाड़ा–मंडला फोर्ट पैसेंजर का समय, सिवनी में 8:45 बजे पहुंचेगी ट्रेन
महाकाल श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात, उज्जैन में 945.20 करोड़ से बनेगा एलिवेटेड कॉरिडोर
230 विधानसभा क्षेत्रों में बनेंगे स्टेडियम, CM मोहन यादव ने खेलों को लेकर किया बड़ा ऐलान



