गोरखपुरकलॉ में विशाल इनामी दंगल प्रतियोगिता का आयोजन
पुरुष, महिला व सूरदास पहलवानों ने दिखाए दमदार दांव-पेच, उमड़ा दर्शकों का सैलाब
Seoni 04 January 2026
सिवनी यशो:- जिले के ग्राम गोरखपुरकलॉ में 04 जनवरी को परंपरागत खेल संस्कृति को जीवंत करता
विशाल इनामी दंगल प्रतियोगिता का आयोजन बाजार चौक मैदान में किया गया। इस दंगल प्रतियोगिता में
सिवनी जिले के साथ-साथ छिंदवाड़ा, जबलपुर, खंडवा, भोपाल, उज्जैन सहित
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली एवं अन्य राज्यों से आए नामचीन पहलवानों ने अखाड़े में उतरकर
अपने शानदार दांव-पेच और शारीरिक कौशल का प्रदर्शन किया।

दंगल में पुरुष पहलवानों के साथ महिला पहलवानों ने भी बेखौफ होकर कुश्ती लड़ी,
जिससे आयोजन की भव्यता और बढ़ गई। वहीं सूरदास पहलवानों की पारंपरिक कुश्तियों ने
दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। प्रतियोगिता को देखने के लिए बड़ी संख्या में
दंगल प्रेमी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे, जिससे पूरे आयोजन स्थल पर उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
इस अवसर पर ग्राम एवं क्षेत्र के वरिष्ठ गणमान्य नागरिक,
बंडोल प्रेस क्लब के पत्रकार सहित बड़ी संख्या में दंगल प्रेमी दर्शक बंधुओं की
गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजकों द्वारा सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त किया गया।



