मध्यप्रदेशदेश विदेशराजनीति

ओरछा से पूरे मध्यप्रदेश के विकास का रोडमैप, भाजपा ने तय की आगे की दिशा

किसान से लेकर युवा और महिला तक, हर वर्ग के कल्याण को राजनीतिक प्रस्ताव में मिली प्रमुखता

ओरछा में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति :  विकास का रोडमैप, राहुल कोठारी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

Bhopal 30 August 2026
ओरछा यशो:- भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मध्यप्रदेश के विकास और संगठन को मजबूत करने की दिशा में व्यापक राजनीतिक प्रस्ताव पर चर्चा हुई। रविवार को ओरछा में आयोजित बैठक के मीडिया सेंटर में भाजपा के प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने राजनीतिक प्रस्ताव को लेकर प्रेस-ब्रीफिंग की।

ओरछा में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति बैठक के मीडिया सेंटर में राहुल कोठारी की प्रेस-ब्रीफिंग
ओरछा में भाजपा कार्यसमिति: बुंदेलखंड विकास का रोडमैप, राहुल कोठारी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

उन्होंने कहा कि भाजपा सेवा, सुशासन, समरसता और विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। राजनीतिक प्रस्ताव में बुंदेलखंड के विकास के साथ किसान, महिला, युवा, जनजातीय वर्ग, उद्योग और रोजगार सहित हर वर्ग के लिए रोडमैप को प्रमुखता दी गई है।

राहुल कोठारी ने बताया कि प्रदेश कार्यसमिति की शुरुआत भाजपा के ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना। बैठक में जनजातीय वर्ग के उत्थान, औद्योगिक विकास, रोजगार, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण और युवाओं से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा कर उनका समर्थन किया गया।

सेवा और सुशासन को बनाया दिशा-पत्र

राहुल कोठारी ने कहा कि भगवान श्री रामराजा सरकार की पावन नगरी ओरछा से प्रदेश कार्यसमिति का संदेश स्पष्ट है कि भाजपा सेवा, सुशासन, सामाजिक समरसता और विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प को लेकर आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति में प्रस्तुत राजनीतिक प्रस्ताव केवल सरकार की उपलब्धियों का दस्तावेज नहीं, बल्कि आने वाले समय के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं का दिशा-पत्र है। प्रस्ताव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा और सुशासन के लिए अभिनंदन किया गया है।

प्रस्ताव में राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भर भारत, आर्थिक प्रगति, डिजिटल इंडिया, गरीब कल्याण, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के अवसर, स्वास्थ्य सुविधाएं, औद्योगिक निवेश और मध्यप्रदेश के समग्र विकास जैसे विषयों को प्रमुखता दी गई है।

कोठारी ने कहा कि आज देश के 22 राज्यों में भाजपा एवं सहयोगी दलों की सरकारें हैं और इसे उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के त्याग, परिश्रम एवं वैचारिक समर्पण का परिणाम बताया।

मोदी, मोहन सरकार और संगठन के कार्यों की प्रदर्शनी

प्रदेश कार्यसमिति बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और कार्यकाल पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री बनने के समय से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल तक की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।

प्रदर्शनी में गरीब, महिला, युवा और किसान कल्याण के साथ औद्योगिक विकास एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को भी दर्शाया गया।

इसी तरह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यकाल में मध्यप्रदेश में किए गए विकास कार्यों, योजनाओं एवं उपलब्धियों तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल के कार्यकाल में संगठन को मिली नई दिशा और कार्यकर्ताओं के लिए किए गए प्रयासों को भी प्रदर्शनी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।

18.48 लाख करोड़ पहुंची मध्यप्रदेश की जीडीपी : कोठारी

प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने कहा कि मध्यप्रदेश तेजी से आर्थिक प्रगति की ओर बढ़ रहा है। उनके अनुसार वर्ष 2025-26 में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि हुई है और राज्य का सकल घरेलू उत्पाद 18.48 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

उन्होंने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से 30.77 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे 21.40 लाख रोजगार अवसर सृजित होने की संभावना है। वहीं 8.73 लाख करोड़ रुपये के निवेश कार्य धरातल पर उतरने का दावा किया गया।

कोठारी ने कहा कि धार में 2,000 करोड़ रुपये की लागत से पीएम मित्र पार्क विकसित किया जा रहा है, जिसमें तीन लाख रोजगार अवसरों का लक्ष्य रखा गया है। उद्योग, रोजगार, तकनीक, लॉजिस्टिक्स, सेमीकंडक्टर, ड्रोन और स्पेस टेक्नोलॉजी जैसे नए क्षेत्रों में भी निवेश को बढ़ावा दिया जा रहा है।

केन-बेतवा परियोजना को लेकर कांग्रेस पर निशाना

राहुल कोठारी ने बुंदेलखंड के विकास को लेकर केन-बेतवा लिंक परियोजना को महत्वपूर्ण बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार द्वारा बुंदेलखंड के विकास के लिए शुरू की गई इस महत्वपूर्ण परियोजना का कांग्रेस ने विरोध किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार हर वर्ग के विकास के लिए काम कर रही है, जबकि कांग्रेस की सोच विकास विरोधी रही है। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के राजनीतिक प्रस्ताव में केन-बेतवा लिंक परियोजना के विरोध को लेकर कांग्रेस की भर्त्सना भी की गई है।

कोठारी ने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना बुंदेलखंड के लिए जीवनरेखा साबित होगी। इससे क्षेत्र में सिंचाई, पेयजल, कृषि, विद्युत, रोजगार और आर्थिक समृद्धि के नए अवसर पैदा होंगे।

2026 कृषक कल्याण वर्ष, सिंचाई क्षमता बढ़ाने का लक्ष्य

प्रदेश महामंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में समर्पित किया गया है। कृषि क्षेत्र के लिए 1.15 लाख करोड़ रुपये का बजट आवंटित किए जाने की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि एवं मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के माध्यम से 84 लाख किसानों को लगभग एक लाख करोड़ रुपये की राशि दी जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि सरकार वर्ष 2028-29 तक प्रदेश की सिंचाई क्षमता को 100 लाख हेक्टेयर तक बढ़ाने के लक्ष्य पर काम कर रही है। केन-बेतवा परियोजना के माध्यम से बुंदेलखंड में सिंचाई और पेयजल की समस्या के समाधान के साथ कृषि एवं रोजगार के क्षेत्र में भी व्यापक बदलाव की उम्मीद है।

बूथ और मंडल को मजबूत करने पर जोर

प्रदेश कार्यसमिति में विकास के साथ संगठन को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। भाजपा का फोकस बूथ एवं मंडल स्तर के संगठन को अधिक मजबूत बनाने पर रहेगा। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि मजबूत बूथ संरचना के माध्यम से सरकार की योजनाओं और संगठन के कार्यक्रमों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा।

ओरछा की धरती से हुई प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भाजपा ने जहां सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखने का प्रयास किया, वहीं आगामी समय के लिए विकास, संगठन विस्तार और जनकल्याण को केंद्र में रखते हुए अपनी राजनीतिक दिशा भी स्पष्ट की।

यह भी पढ़े :- खबर की दौड़ में सबसे आगे नहीं, भरोसे की दौड़ में सबसे आगे!

नक्सल की बंदूक से विकास की बुलंद आवाज तक… बोंदारी पहुंचे CM, 100 गांवों के लिए 225 करोड़ का ऐलान

सिवनी के 1478 बूथों पर गूंजेगी ‘मन की बात’, भाजपा ने तय की कार्यक्रम की रणनीति

तोपों की सलामी, अखाड़ों के हैरतअंगेज करतब और आल्हा-ऊदल का युद्ध… आज सजेगा छिंदवाड़ा का भुजलिया उत्सव

https://thesootr.com/state/madhya-pradesh/samruddh-mp-2047-roadmap-12428365

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button