छिंदवाड़ाधर्ममध्यप्रदेश

तोपों की सलामी, अखाड़ों के हैरतअंगेज करतब और आल्हा-ऊदल का युद्ध… आज सजेगा छिंदवाड़ा का भुजलिया उत्सव

आल्हा-ऊदल की वीरगाथा से लेकर चन्द्रावली के रक्षासूत्र तक दिखेगी बुंदेली लोक परंपरा की झलक

छिंदवाड़ा में आज भुजलिया उत्सव, तोपों की सलामी और अखाड़ों की शस्त्रविद्या बनेगी आकर्षण

Chhindwara 28 August 2026
छिंदवाड़ा यशो:- मध्यप्रदेश की लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत की अनूठी पहचान श्री भुजलिया उत्सव का महापर्व 29 अगस्त को शहर में पूरे उत्साह और पारंपरिक अंदाज में मनाया जाएगा। सार्वजनिक श्री भुजलिया उत्सव समिति द्वारा आयोजित इस भव्य आयोजन में इस वर्ष अखाड़ों की प्राचीन शस्त्रविद्या, तोपों की सलामी, वीर गाथाओं और धार्मिक-सांस्कृतिक झांकियों का विशेष समावेश किया गया है।

सार्वजनिक श्री भुजलिया उत्सव समिति के अध्यक्ष अजय चरणागर ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 1 बजे रोपित भुजलिया के पूजन से होगा। इसके बाद श्री बड़ी माता जी, राम मंदिर एवं श्री चौबे बाबा जी में पूजन-अर्चन किया जाएगा। पूजन के पश्चात स्थानीय श्री रामलीला रंगमंच से भव्य भुजलिया जुलूस निकलेगा।

भुजलिया उत्सव के अखाड़ों में दिखेंगे हैरतअंगेज करतब

इस वर्ष जुलूस में डीजे और बैंजो की धुनों के साथ अखाड़ों की प्राचीन शस्त्र परंपरा विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। श्री गप्तु उस्ताद श्री बड़ी माता व्यायामशाला एवं श्री छोटी माता व्यायामशाला के युवा और वरिष्ठ कलाकार पारंपरिक अखाड़ा शैली में शस्त्रों के हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत करेंगे।

आयोजन में विशेष तोपों की सलामी भी दी जाएगी। इसके साथ वीर आल्हा-ऊदल की सेना, पृथ्वीराज की सेना, बहन चन्द्रावली का डोला सहित अनेक धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियां जुलूस की भव्यता बढ़ाएंगी।

इन मार्गों से निकलेगा भुजलिया जुलूस

भुजलिया जुलूस श्री रामलीला रंगमंच से प्रारंभ होकर गणेश चौक, दुर्गा चौक, पावर हाउस, श्री बड़ी माता जी, छोटी माता मेन रोड, गोलगंज, राज टॉकीज, आजाद चौक, करबला चौक एवं यातायात थाना होते हुए बड़े तालाब पहुंचेगा, जहां जुलूस का समापन होगा।

आल्हा-ऊदल और पृथ्वीराज के युद्ध का होगा प्रदर्शन

जुलूस के समापन के बाद ऐतिहासिक परंपरा को जीवंत करते हुए वीर पृथ्वीराज और वीर आल्हा-ऊदल के युद्ध का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ बहन चन्द्रावली द्वारा वीर आल्हा-ऊदल को रक्षा सूत्र बांधने की पारंपरिक रस्म भी निभाई जाएगी।

इस आयोजन के माध्यम से वीरता, भाई-बहन के स्नेह और लोक संस्कृति की उस परंपरा को मंच मिलेगा, जो पीढ़ियों से लोक स्मृतियों में जीवित है।

अतिथियों का होगा सम्मान

कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद विवेक बंटी साहू करेंगे। पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना, महापौर विक्रम अहाके, जिला भाजपा अध्यक्ष शेषराव यादव, निगम अध्यक्ष सोनू मांगो सहित अन्य अतिथि कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर अतिथियों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा।

समिति के सचिव कुशल शुक्ला ने सभी सनातनी हिंदू बंधुओं से भुजलिया उत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस लोक सांस्कृतिक विरासत को गौरवान्वित करने का आग्रह किया है।

यह भी पढ़े :-

हर्षोल्लास से मना रक्षाबंधन पर्व, बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधा रक्षा सूत्र

भुजलिया: प्रकृति की पूजा से लेकर वीरता के विजयगान तक

प्राकृतिक खेती से आय बढ़ा रहे किसानों के खेत पहुंचे कलेक्टर-एसपी, मेड़ों पर भी हो रहा बहुफसली उत्पादन

https://nagarprabha.org/details.php?details=126962&slug_name=RELIGION

https://x.com/prahladspatel/status/2093220384011375075?s=20

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button