विजय उत्सव में गूंजा BJP का परचम: Mohan Yadav और Hemant Khandelwal ने कार्यकर्ताओं को दी बधाई
भोपाल में जश्न का माहौल, कई राज्यों में NDA की जीत पर ढोल-नगाड़ों के साथ मनाया गया विजय उत्सव
भोपाल, 04/05/2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न राज्यों में भाजपा व एनडीए को मिली प्रचंड विजय पर सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में महापुरूषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। झालमुड़ी एवं मिष्ठान वितरण कर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और ढोल-नगाड़ों के साथ आतिशबाजी कर विजय उत्सव मनाया गया। तत्पश्चात् पार्टी के केंद्रीय कार्यालय दिल्ली में आयोजित विजय उत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी के संबोधन का श्रवण किया।
BJP विजय उत्सव भोपाल, को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अंग-बंग-कलिंग सब तरफ भाजपा का झंडा लहरा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी देश की जनता के लिए सबसे बड़ा विश्वास बन चुकी है।
पश्चिम बंगाल, असम, पुड्डुचेरी में भाजपा व एनडीए को मिला जनादेश साबित करता है अब चुनाव तुष्टिकरण और फेक मेनिफेस्टों से नहीं सुशासन के आधार पर जीते जाते हैं। शहर से गांव तक, युवा से बुजुर्ग तक और मातृशक्ति ने भारी संख्या में भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर अपना अटूट विश्वास जताया है। बंगाल का चुनाव ‘ममता बनाम जनता’ का चुनाव बन चुका था। जनता ने हिंसा, भय और भ्रष्टाचार की राजनीति को पूरी तरह से नकार दिया है। चुनाव परिणाम भय की हार और प्रधानमंत्री जी के भरोसे की जीत है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि विधानसभा चुनावों के परिणाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रति जनता के विश्वास और समर्थन का प्रतीक हैं। विधानसभा के चुनाव परिणाम स्पष्ट बता रहे हैं कि इंडी गठबंधन को जनता ने पूरी तरह से नकार दिया है। विधानसभा चुनावों के परिणाम राष्ट्र विरोधी ताकतों के खिलाफ जनता की अभिव्यक्ति है। इंडी गठबंधन पूरी तरह खंड-खंड हुआ है और राहुल गांधी पूरी तरह विफल साबित हुए हैं।
BJP विजय उत्सव भोपाल में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेन्द्र शुक्ल, प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राकेश सिंह एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा सहित प्रदेश शासन के मंत्रीगण एवं पार्टी के वरिष्ठ नेतागण उपस्थित रहे।




