महाराज बाग क्षेत्र में अधूरा पड़ा सीसी रोड निर्माण, ठेकेदार की लापरवाही से लोगों में आक्रोश
सरस्वती स्कूल से परतापुर रोड तक ही रुका निर्माण, वर्षों से जर्जर मार्ग
Seoni 24 August 2025
सिवनी यशो:- नगर के उपनगरीय क्षेत्र भैरोगंज के महामाया वार्ड, महाराज बाग क्षेत्र में सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल के सामने से लेकर हनुमान व्यायाम शाला (परतापुर रोड) और महाराज बाग शिव मंदिर तक सीसी रोड का निर्माण कार्य किया जाना था।
कार्य प्रारंभ हुआ, लेकिन ठेकेदार और तकनीकी अधिकारियों की लापरवाही के चलते सड़क निर्माण बीते चार दिनों से अधूरा ही पड़ा है।
सरस्वती स्कूल से परतापुर रोड तक ही रुका निर्माण
मिली जानकारी के अनुसार ठेकेदार द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर के सामने से होकर परतापुर रोड तक का निर्माण कार्य तो कर दिया गया,
लेकिन महाराज बाग के अंदर शिव मंदिर तक जाने वाला मार्ग बार-बार नपाई करने के बाद भी अधूरा छोड़ दिया गया है।
यह भी पढ़े :- कीचड़ एवं दलदल युक्त मार्ग से बोरदई – पिपरिया मार्ग में चलना हुआ दुस्वार
स्थानीय चर्चा है कि ठेकेदार ने स्वीकृत बजट का अधिकांश हिस्सा केवल स्कूल से परतापुर रोड तक के मार्ग में ही खर्च कर दिया।
अब महाराज बाग के अंदरूनी मार्ग के लिए नए बजट का इंतजार किया जा रहा है।
वर्षों से जर्जर मार्ग की मांग के बाद स्वीकृति
करीब 20 वर्ष पूर्व भाजपा पार्षद श्रीमती शांति बघेल के कार्यकाल में इस मार्ग का निर्माण हुआ था।
समय-समय पर मरम्मत न होने से यह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था।
स्थानीय युवाओं ने आंदोलन कर सड़क के गड्ढों में बेशरम के पौधे तक रोपे थे
और नगर पालिका सीएमओ को ज्ञापन भी सौंपा था।
इसके बाद परिषद द्वारा नए सीसी रोड का प्रस्ताव स्वीकृत कर कार्य आदेश जारी किए गए।
नवरात्र से पहले अधूरा कार्य चिंता का विषय
महाराज बाग का नवरात्र उत्सव पूरे जिले में प्रसिद्ध है।
यहां सिद्ध पंडाल में हजारों की संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन दर्शन व आरती करने आते हैं।
साथ ही इस क्षेत्र में विद्यार्थियों की बड़ी संख्या रहती है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि नवरात्र से पहले अधूरा कार्य पूरा नहीं हुआ तो आक्रोश सड़क पर उतर सकता है।
क्षेत्रीय नागरिकों की मांग
मोहल्लेवासियों ने नगर पालिका और पार्षदों से मांग की है कि –
अधूरा पड़ा सड़क निर्माण कार्य तुरंत पूरा किया जाए,
ताकि नवरात्र महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और निवासियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।



