भैंसवामाता के दरबार पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की
जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन पर राजगढ़ पहुंचे मुख्यमंत्री, दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल और लखपति दीदी समूहों को 11 इलेक्ट्रिक वाहन वितरित
भैंसवामाता मंदिर – सीएम डॉ. मोहन यादव ने भैंसवामाता के किए दर्शन, जल गंगा अभियान का हुआ समापन
भोपाल/राजगढ़ यशो :- मध्यप्रदेश में संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन अवसर पर मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राजगढ़ जिले के प्रसिद्ध भैंसवामाता मंदिर पहुंचे। उन्होंने भैंसवामाता क्षेत्र स्थित पवित्र दूध तलैया में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। साथ ही माता बिजासन के दर्शन कर प्रदेशवासियों के उज्ज्वल भविष्य एवं समृद्धि की प्रार्थना की।

मंदिर के विकास कार्यों की ली जानकारी
मुख्यमंत्री ने भैंसवामाता मंदिर के प्रस्तावित स्वरूप का अवलोकन करते हुए मंदिर परिसर के विकास एवं सौंदर्यीकरण से जुड़े प्रस्तावित कार्यों की जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की। उन्होंने धार्मिक स्थलों के संरक्षण और पर्यटन विकास को राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंदिर परिसर में पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण, वृक्षारोपण और स्वच्छता जैसे अभियान जनभागीदारी से ही सफल हो सकते हैं तथा प्रत्येक नागरिक को इसमें सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

यह भी पढ़ें –धान महोत्सव: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 1 जुलाई को सिवनी में, किसानों को मिलेगी 2.82 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि
आदिवासी संस्कृति से हुआ पारंपरिक स्वागत
राजगढ़ आगमन पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया गया। मंदिर परिसर में आदिवासी नृत्य दल ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जबकि बालिकाओं ने सिर पर कलश रखकर पारंपरिक शैली में उनका स्वागत किया।
दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल, महिला समूहों को मिले इलेक्ट्रिक वाहन
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित कर आत्मनिर्भर जीवन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए लखपति दीदी समूहों को 11 इलेक्ट्रिक वाहन भी प्रदान किए।
यह भी पढ़ें – कृष्ण-सुदामा की याद दिलाने वाला दृश्य: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गरीब परिवार के घर पहुंचे, जमीन पर बैठकर किया चूल्हे का भोजन
उन्होंने ब्यावरा की पर्यावरण प्रेमी संरक्षण समिति द्वारा प्लास्टिक अपशिष्ट से तैयार किए जा रहे ईको ब्रिक्स की सराहना करते हुए इसे जनभागीदारी से पर्यावरण संरक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
जनसहभागिता से ही सफल होंगे अभियान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता जैसे अभियान तभी सफल होंगे जब समाज का प्रत्येक वर्ग इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएगा। उन्होंने लोगों से जल स्रोतों के संरक्षण, अधिक से अधिक पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।



