सीएम डॉ. मोहन यादव ने कुकरू में महिलाओं के स्वरोजगार की सराहना की, सिपना सनसेट पॉइंट पर प्राकृतिक सौंदर्य का लिया आनंद
स्व-सहायता समूह की महिलाओं से किया संवाद, मावा-रबड़ी का स्वाद लिया, पर्यटन विकास के दिए निर्देश
सीएम मोहन यादव कुकरू दौरा – स्व-सहायता समूह की महिलाओं से किया संवाद, सिपना सनसेट पॉइंट की प्राकृतिक सुंदरता का लिया आनंद
Bhopal 28 June 2026
भोपाल/बैतूल यशो:- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दो दिवसीय प्रवास के दौरान बैतूल जिले के प्रसिद्ध हिल स्टेशन कुकरू पहुंचे।
यहां उन्होंने कृष्णा आजीविका स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों का अवलोकन किया, मावा और रबड़ी का स्वाद लिया तथा महिलाओं के आत्मनिर्भरता के प्रयासों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने समूह की महिलाओं से उनकी आय, आजीविका गतिविधियों और शासन की विभिन्न योजनाओं से मिल रहे सहयोग की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
यह भी पढ़े :- सिवनी में ‘सेफ क्लिक 2.0’ साइबर जागरूकता अभियान का शुभारंभ, 8 जुलाई तक जिलेभर में चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम
मावा निर्माण की प्रक्रिया देखी, महिलाओं का बढ़ाया उत्साह
मुख्यमंत्री ने मावा निर्माण की स्वचालित मशीन का अवलोकन किया और उत्पादन प्रक्रिया की जानकारी ली। कृष्णा आजीविका स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष शोभा गायने ने बताया कि समूह को विभिन्न योजनाओं के तहत सीसीएल से 3 लाख रुपये, सीआईएफ से 1 लाख रुपये, आरएफ से 11 हजार रुपये तथा पीएमएफएमई योजना से 40 हजार रुपये की वित्तीय सहायता मिली है।
उन्होंने बताया कि समूह में 11 महिलाएं कार्यरत हैं। आजीविका मिशन की सहायता से मावा बनाने की स्वचालित मशीन खरीदी गई, जिससे लगभग 25 हजार रुपये प्रतिमाह की आय हो रही है।
यह भी पढ़े :- बैतूल के कुकरू में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की रात्रि चौपाल, ग्रामीणों से करेंगे सीधा संवाद
पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, मावा, रबड़ी, श्रीखंड निर्माण और कृषि कार्यों से समूह की महिलाओं को औसतन 15 से 18 हजार रुपये मासिक आय प्राप्त हो रही है।
सिपना सनसेट पॉइंट की प्राकृतिक छटा से अभिभूत हुए मुख्यमंत्री
कुकरू भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सिपना सनसेट पॉइंट भी पहुंचे, जहां उन्होंने सूर्यास्त के मनमोहक दृश्य का आनंद लिया।
उन्होंने कुकरू की पर्वत श्रृंखलाओं, हरित वनों और प्राकृतिक वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि यह क्षेत्र प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में विकसित होने की अपार संभावनाएं रखता है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कुकरू का विकास स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सृजित करेगा।
https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=2277632®=48&lang=2



