सिवनीमध्यप्रदेश

सीएम डॉ. मोहन यादव आज सिवनी को देंगे 494 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, किसानों के खातों में पहुंचेगी कोदो-कुटकी प्रोत्साहन राशि

प्रदेश स्तरीय धान महोत्सव में होंगे शामिल, 629 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, 3,941 किसानों को सिंगल क्लिक से मिलेगी 2.83 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि।

सीएम मोहन यादव सिवनी दौरा – आज सिवनी को देंगे 494 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात

सिवनी यशो :- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सिवनी जिले में आयोजित प्रदेश स्तरीय धान महोत्सव में शामिल होकर जिले को विकास की बड़ी सौगात देंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री लगभग 494.16 करोड़ रुपये लागत के 629 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इनमें 349.33 करोड़ रुपये के पूर्ण हो चुके विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 144.83 करोड़ रुपये के नए कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

कार्यक्रम की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि जिले के 3,941 कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों को प्रोत्साहन राशि का वितरण रहेगा। मुख्यमंत्री सिंगल क्लिक के माध्यम से किसानों के बैंक खातों में 2 करोड़ 82 लाख 99 हजार 300 रुपये की राशि अंतरित करेंगे। राज्य सरकार द्वारा श्रीअन्न (मिलेट्स) के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए किसानों को 1,000 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है।

कार्यक्रम स्थल पर कृषि, प्राकृतिक खेती, मिलेट्स, जीआई टैग उत्पाद, स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों तथा आधुनिक कृषि यंत्रों पर आधारित थीम आधारित प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।

सड़क एवं पुल निर्माण को मिलेगी गति

मुख्यमंत्री दौंदीवाड़ा-बरटोला-ओखाटोला-अमुरला मार्ग सहित कई सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा बरबसपुर-सुनवारा-आमानाला वैनगंगा नदी सेतु तथा घोघराटोला-मंगलटोला हिर्री नदी सेतु का भी लोकार्पण होगा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत विभिन्न पुल निर्माण कार्यों का शुभारंभ भी किया जाएगा।

पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

जिले में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए बरघाट की 145.60 करोड़ रुपये, केवलारी की 67.34 करोड़ रुपये, सिवनी की 52.19 करोड़ रुपये तथा लखनादौन की 44.49 करोड़ रुपये की नल-जल योजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही सिहोरा, घंसौर, केदारपुर, लखनवाड़ा, बींझावाड़ा और तिघरा में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कार्यों का भी शुभारंभ होगा।

शिक्षा, खेल और नगरीय विकास को बढ़ावा

कार्यक्रम में केवलारी खेड़ा-टालाटाली मार्ग तथा गनेशगंज-लामटा-सुनवारा-पिंडरई-देवरी टीका मार्ग का भूमिपूजन किया जाएगा। सिवनी नगर में बबरिया गार्डन स्विमिंग पूल, नवीन फायर स्टेशन तथा नगर पालिका कार्यालय भवन के निर्माण कार्यों का भी भूमिपूजन होगा।

इसके अतिरिक्त लखनादौन मिनी स्टेडियम, धूमा में 100-100 सीटर बालक एवं बालिका छात्रावास, जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत कन्या शिक्षा परिसर सिवनी तथा लखनादौन एप्रोच रोड सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के नवीन आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री का यह दौरा जिले के कृषि, आधारभूत संरचना, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा नगरीय विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे विकास कार्यों को नई गति मिलने के साथ किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है।

https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/bhopal-mp-ucc-draft-date-mohan-yadav-cabinet-meeting-uniform-civil-code-madhya-pradesh-5-july-legislative-assembly-bill-public-suggestions-local18-10597986.html

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button