किसानों को अब सिंचाई के लिए दिन में भी मिलेगी बिजली: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
बलराम कृषि महोत्सव में किसानों से किया संवाद, श्योपुर कृषि उपज मंडी में 60 लाख से बनेगा विश्राम गृह
किसानों को अब दिन में भी मिलेगी सिंचाई की बिजली, सीएम मोहन यादव ने की बड़ी घोषणा
श्योपुर/भोपाल यशो:- प्रदेश में किसानों को सिंचाई के लिए अब दिन के समय भी बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसानों को सतत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। अब किसान दिन के समय भी अपनी फसलों की सिंचाई कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह बात 2 सितंबर को श्योपुर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव एवं किसान मेले को ग्वालियर एयरपोर्ट से वर्चुअली संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कार्यक्रम में किसानों से संवाद भी किया। इस दौरान उन्होंने श्योपुर कृषि उपज मंडी में किसानों की सुविधा के लिए 60 लाख रुपये की लागत से नवीन विश्राम गृह बनाए जाने की घोषणा की।
किसान कल्याण वर्ष में किसानों को कई सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत किसानों के हित में विभिन्न कार्यक्रम और गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि खरीफ और रबी फसलों के लिए ऋण चुकाने की अवधि पहले छह-छह माह निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर एक वर्ष कर दिया गया है। यानी किसान जिस तारीख को ऋण लेगा, उसके लिए ऋण चुकाने की अवधि उसी तारीख से एक वर्ष होगी।
पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए खेती के साथ पशुपालन को भी बढ़ावा दिया जाना जरूरी है। अधिक से अधिक दुग्ध सहकारी समितियों का गठन कर दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि श्योपुर जिले में धान और गेहूं का बंपर उत्पादन होता है। इसके साथ ही यहां के किसान मोटे अनाज का उत्पादन भी कर रहे हैं। कृषि की नई तकनीकों को अपनाकर किसान अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं।
बच्चों की पढ़ाई पर खर्च करें, फिजूलखर्ची रोकें
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कक्षा 12वीं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकार ने मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25-25 हजार रुपये की राशि प्रदान की है।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने की अपील करते हुए कहा कि फिजूलखर्ची को रोकने की आवश्यकता है। समाज में ऐसी परंपरा विकसित होनी चाहिए, जिसमें शादी-विवाह और अन्य सामाजिक आयोजनों में अनावश्यक खर्च न किया जाए। उन्होंने सामूहिक विवाह सम्मेलनों के माध्यम से विवाह संपन्न कराने पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
किसान ने बताया पराली प्रबंधन का लाभ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों से संवाद किया। ग्राम राडेप निवासी किसान मुकुट चौधरी ने बताया कि शासन की योजना के तहत कृषि अभियांत्रिकी विभाग के माध्यम से उन्हें पराली प्रबंधन के लिए कृषि यंत्र सब्सिडी पर मिले हैं। उन्होंने सुपर सीडर खरीदा, जिस पर उन्हें 1 लाख 20 हजार रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ।
बलराम कृषि महोत्सव एवं किसान मेले में कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को खेती-किसानी की नवीन तकनीकों और विभिन्न फसलों से संबंधित उपयोगी जानकारी दी। मेले में पशुपालन, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्यपालन और एनआरएलएम सहित विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियां भी लगाई गईं।
प्रगतिशील किसानों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
कार्यक्रम में प्रगतिशील किसान नरेन्द्र चौधरी, भरत जाट, शिशुपाल मीणा, सोनू शर्मा, बनवारी मीणा, भुवनेश मीणा, पूरण प्रजापति, गोविंद पटेलिया और मान सिंह पटेलिया को शॉल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
वहीं कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम हासिल करने वाले अंकुश मेहर, भूमिका माहौर, आशा गुर्जर, अनमोल मीणा, अभय गुर्जर, पूनम जाट, वैष्णवी जाट, दीनबंधु मीणा, करण मीणा और मयंक शर्मा को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
यह भी पढ़ें:-
दादाधाम एक्सप्रेस 3 दिन पांढुर्णा और 3 दिन छिंदवाड़ा होकर चले : सांसद
छिंदवाड़ा से सावनेर तक 6 लेन सड़क की मांग, सड़क परिवहन मंत्री को भेजा पत्र
अन्नदाता सर्वोपरि, किसान कल्याण पर सरकार का विशेष ध्यान : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
सिवनी जिला टॉपर वंशिका जैन को CM मोहन यादव ने किया सम्मानित, 25 हजार की प्रोत्साहन राशि मिली



