एशिया कप की स्टार खिलाड़ी नौशीन नाज़ का सिवनी में भव्य स्वागत, कलेक्टर ने किया सम्मानित
कांस्य पदक और 12 गोल की ऐतिहासिक उपलब्धि पर बढ़ाया उत्साह, रेडक्रॉस से मिली 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि
नौशीन नाज़ सम्मान – एशिया कप स्टार नौशीन नाज़ का सिवनी में भव्य स्वागत, कलेक्टर ने किया सम्मानित
Seoni 11 June 2026
सिवनी यशो:- जापान में आयोजित अंडर-18 महिला एशिया कप 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम को कांस्य पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली सिवनी की प्रतिभावान खिलाड़ी नौशीन नाज़ का गुरुवार को जिले में भव्य स्वागत किया गया।
नगर आगमन पर खेल प्रेमियों, नागरिकों एवं युवाओं ने नौशीन का आत्मीय अभिनंदन करते हुए उन्हें फूलमालाओं से लाद दिया। ढोल-नगाड़ों और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच सिवनी की इस बेटी का स्वागत जिले के गौरव के रूप में किया गया।
यह भी पढ़े :– राष्ट्रीय हॉकी में सिवनी की बेटी का जलवा, प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई
इसके पश्चात कलेक्ट्रेट में आयोजित सम्मान समारोह में कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने नौशीन नाज़ को पुष्पमाला, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। कलेक्टर श्रीमती मीना ने कहा कि नौशीन की उपलब्धि पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है तथा उनकी सफलता जिले की बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।

उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करना नौशीन की मेहनत, अनुशासन और संघर्षशीलता का परिणाम है।
कलेक्टर ने नौशीन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि जिला प्रशासन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग करेगा।
सम्मान समारोह के दौरान नौशीन नाज़ ने अपने खेल जीवन के संघर्ष, प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने की यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि उनका सपना वर्ष 2032 के ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश के लिए पदक जीतना है।
यह भी पढ़े :–टूटी हॉकी से अंतरराष्ट्रीय मंच तक: सिवनी की नौशीन नाज का एशिया कप में चयन
उनके इस संकल्प और समर्पण की सराहना करते हुए कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने उन्हें निरंतर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर श्रीमती मीना ने रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से प्रोत्साहन स्वरूप 50 हजार रुपये का चेक प्रदान किया। साथ ही बेहतर अभ्यास और खेल प्रदर्शन के लिए हॉकी किट उपलब्ध कराने की भी बात कही।
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने नौशीन की दोनों बहनों तहुर नाज़ एवं तबारिका नाज़, उनके माता-पिता, प्रशिक्षकों तथा खेल विभाग को भी बधाई देते हुए कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता में परिवार, कोच और सहयोगी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई
अंडर-18 एशिया कप 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम की उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी टीम को बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच “एक्स” पर लिखा कि भारतीय महिला अंडर-18 हॉकी टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार जज़्बा दिखाया है और यह उपलब्धि भारत में महिला हॉकी की बढ़ती ताकत का प्रतीक है।
नौशीन रहीं टीम की स्टार खिलाड़ी
सिवनी की नौशीन नाज़ पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम की सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में शामिल रहीं। उन्होंने शानदार स्ट्राइकर के रूप में खेलते हुए कुल 12 गोल दागे और टूर्नामेंट की टॉप स्कोरर खिलाड़ियों में अपना स्थान बनाया। कांस्य पदक मुकाबले में भारतीय टीम ने कोरिया को 3-0 से हराकर पदक अपने नाम किया।
खेल मंत्री ने भी किया सम्मानित
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने नई दिल्ली स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण मुख्यालय में भारतीय पुरुष एवं महिला हॉकी टीम का सम्मान किया। इस दौरान महिला टीम को प्रोत्साहन स्वरूप 21 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। खेल मंत्री ने नौशीन नाज़ के प्रदर्शन की विशेष सराहना करते हुए कहा कि देश को ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों पर गर्व है।
रानी रामपाल के मार्गदर्शन में निखर रही प्रतिभा
नौशीन नाज़ वर्तमान में भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में नौशीन भारतीय महिला हॉकी की बड़ी स्टार बन सकती हैं।
नौशीन की इस उपलब्धि से सिवनी सहित पूरे मध्यप्रदेश में गौरव का माहौल है। उनकी सफलता ग्रामीण क्षेत्रों की उन बेटियों के लिए प्रेरणा बन रही है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने का साहस रखती हैं।
https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=2270456®=48&lang=2



