देश विदेशखेलमध्यप्रदेशसिवनी
Trending

राष्ट्रीय हॉकी में सिवनी की बेटी का जलवा, प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई

अंडर-18 एशिया कप में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम की स्टार रहीं नौशीन, खेल मंत्री ने भी किया सम्मानित

नौशीन नाज़ हॉकी खिलाड़ी – सिवनी की नौशीन नाज़ ने बढ़ाया देश का मान, PM मोदी ने भारतीय महिला हॉकी टीम को दी बधाई

Seoni 08 june 2026

सिवनी यशो :- मध्य प्रदेश के सिवनी जिले की उभरती हुई हॉकी खिलाड़ी नौशीन नाज़ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। भारतीय महिला अंडर-18 हॉकी टीम की सदस्य नौशीन नाज़ ने जापान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप 2026 में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए भारत को कांस्य पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सिवनी की हॉकी खिलाड़ी नौशीन नाज़ भारतीय अंडर-18 महिला हॉकी टीम के साथ
सिवनी की उभरती हॉकी खिलाड़ी नौशीन नाज़ ने अंडर-18 एशिया कप 2026 में शानदार प्रदर्शन कर भारत को कांस्य पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय महिला अंडर-18 हॉकी टीम को इस उपलब्धि पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में ज़बरदस्त जज़्बा दिखाया और यह उपलब्धि भारत में महिला हॉकी की बढ़ती ताकत और खिलाड़ियों की अपार क्षमता को दर्शाती है।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा—

“भारतीय महिला अंडर-18 हॉकी टीम को अंडर-18 एशिया कप 2026 में कांस्य पदक जीतने पर बधाई। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में ज़बरदस्त जज़्बा दिखाया। यह उपलब्धि भारत में महिला हॉकी की बढ़ती ताकत और हमारे खिलाड़ियों की अपार क्षमता को दर्शाती है। टीम को उनके आगामी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।”

नौशीन ने दागे शानदार गोल

सिवनी की नौशीन नाज़ पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम की सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में शामिल रहीं। उन्होंने शानदार स्ट्राइकर के रूप में खेलते हुए कई महत्वपूर्ण गोल किए और टूर्नामेंट की टॉप स्कोरर खिलाड़ियों में स्थान बनाया।

गरीब परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने वाली नौशीन आज देशभर की बेटियों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं। कभी टूटी हुई हॉकी स्टिक से अभ्यास करने वाली नौशीन ने कठिन संघर्षों को पार कर भारतीय टीम में अपनी जगह बनाई।

खेल मंत्री ने किया सम्मानित

केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने जापान में संपन्न हुए अंडर-18 एशिया कप में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों को नई दिल्ली स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) मुख्यालय में सम्मानित किया।

कप्तान स्वीटी कुजुर के नेतृत्व वाली भारतीय महिला टीम ने कांस्य पदक मुकाबले में कोरिया को 3-0 से हराकर पदक अपने नाम किया। महिला टीम को प्रोत्साहन स्वरूप 21 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया।

इस दौरान खेल मंत्री ने टीम की स्टार खिलाड़ी नौशीन नाज़ को भी विशेष रूप से सम्मानित किया। साथ ही पुरुष टीम के सर्वश्रेष्ठ स्कोरर आशीष तानी पूर्ति और गोलकीपर आयुष राजक को भी सम्मानित किया गया।

यह तो सिर्फ शुरुआत है” — डॉ. मांडविया

खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि देश का नाम रोशन करने के लिए दोनों टीमों ने कड़ी मेहनत की है और पूरा देश उन पर गर्व करता है।

उन्होंने कहा—

“यह तो सिर्फ शुरुआत है। कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। जिसने 13 गोल किए हैं, उसे 15 गोल करने का लक्ष्य रखना चाहिए। जिसने 10 गोल बचाए हैं, उसे विपक्षी टीम को एक भी गोल नहीं करने देने का लक्ष्य रखना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को खेल महाशक्ति बनाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

रानी रामपाल के मार्गदर्शन में निखर रही प्रतिभा

नौशीन नाज़ वर्तमान में भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उनके खेल में लगातार सुधार देखा जा रहा है और विशेषज्ञ मानते हैं कि आने वाले समय में वे भारतीय महिला हॉकी की बड़ी स्टार बन सकती हैं।

सिवनी जिले सहित पूरे मध्य प्रदेश में नौशीन की उपलब्धि पर गर्व का माहौल है। उनकी सफलता ग्रामीण क्षेत्र की उन बेटियों के लिए प्रेरणा बन रही है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने का साहस रखती हैं।

https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=2270456&reg=48&lang=2

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button