क्राइममध्यप्रदेशसिवनी

सुनारी मोहल्ला में फायरिंग से हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी

बंद दुकान को बनाया निशाना, प्रॉपर्टी विवाद में वारदात की आशंका

सुनारी मोहल्ला में फायरिंग मामला – सीसीटीवी में कैद हुए बाइक सवार आरोपी, क्षेत्र में दहशत का माहौल 

सिवनी यशो :- शहर के सुभाष वार्ड स्थित सुनारी मोहल्ला क्षेत्र में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात उस समय सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक बंद दुकान पर फायरिंग कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सुबह दुकान के शटर पर गोली का निशान और छेद दिखाई देने पर घटना का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। शहर के पुराने और शांत माने जाने वाले इस क्षेत्र में इस प्रकार की फायरिंग की घटना को गंभीर माना जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार सुभाष वार्ड और सुनारी मोहल्ला क्षेत्र आपसी सद्भाव और सामाजिक मर्यादाओं के लिए जाना जाता है, ऐसे में इस प्रकार की घटना ने लोगों को चिंतित कर दिया है।

रात में सुनाई दी धमाके जैसी आवाज

जानकारी के अनुसार सुनारी मोहल्ला निवासी सतेंद्र चौरसिया की क्षेत्र में चूड़ी की दुकान है। गुरुवार रात दुकान बंद कर वे अपने घर चले गए थे। रात करीब दो बजे उन्हें पटाखे फूटने जैसी तेज आवाज सुनाई दी, लेकिन उन्होंने उस समय ज्यादा ध्यान नहीं दिया। शुक्रवार सुबह जब दुकान की ओर देखा गया तो शटर में गोली लगने से छेद बना हुआ दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सीसीटीवी कैमरे में दिखे आरोपी

घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में दो संदिग्ध युवक एक बाइक पर आते दिखाई दिए हैं। फुटेज में एक युवक दुकान के सामने रुककर फायरिंग करता नजर आ रहा है। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से गोली का खाली खोका बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में पिस्टल से फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है।

प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ा हो सकता है मामला

कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में प्रॉपर्टी विवाद का मामला सामने आया है। उन्होंने बताया कि सतेंद्र चौरसिया के पिता को न्यायालय के माध्यम से संपत्ति में कुछ हिस्सा मिला था, जिसे लेकर रिश्तेदारों में विवाद और रंजिश चल रही थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी आक्रोश में आरोपियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की घटना को अंजाम दिया।

देर रात तक चलती रही पूछताछ

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी। शुक्रवार देर रात तक पुलिस की टीम विभिन्न बिंदुओं पर जांच करती रही। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

शांत क्षेत्र में फायरिंग से लोग सहमे

इस घटना के बाद सुभाष वार्ड सहित आसपास के क्षेत्रों में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। स्थानीय नागरिकों ने शहर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि जिस क्षेत्र में वर्षों से शांतिपूर्ण माहौल रहा हो, वहां इस तरह खुलेआम फायरिंग होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button