जहरीली दवा पिलाकर मासूम की हत्या, महिला और आरोपी की हालत बिगड़ी, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
अवैध संबंधों के चलते वारदात, 5 वर्षीय मासूम की नागपुर में इलाज के दौरान मौत
जहरीली दवा पिलाकर हत्या, महिला समेत 3 को मारने की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार
Seoni, 12 June 2026
सिवनी यशो:- जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने महिला और उसके दो मासूम बच्चों को जहरीली कीटनाशक दवा पिलाकर मौत के घाट उतारने का प्रयास किया। घटना में पांच वर्षीय मासूम बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि महिला का उपचार जारी रहा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अवैध संबंधों के चलते हुआ विवाद
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नरेला निवासी आरोपी जयदीप बघेल पिता मेरसिंह बघेल, उम्र 33 वर्ष ने अपने दिवंगत छोटे भाई विजय बघेल की पत्नी शोभा बघेल एवं उसके दो बच्चों काव्या बघेल (08 वर्ष) तथा रियांश उर्फ निहाल बघेल (05 वर्ष) को जान से मारने की नीयत से जहरीली कीटनाशक दवा पिला दी।
यह भी पढ़े :- कोतवाली पुलिस की तत्परता से 8 घंटे में मिला खोया बैग, 8 तोला सोना सुरक्षित लौटाया
बताया गया कि शोभा बघेल के पति विजय बघेल की वर्ष 2023 में बीमारी के चलते मृत्यु हो गई थी। इसके बाद जयदीप बघेल के शोभा से अवैध संबंध स्थापित हो गए थे। शोभा अपने दोनों बच्चों के साथ पिछले छह माह से अपने मायके ग्राम नरेला में रह रही थी।
रात में कार से ले गया महिला और बच्चों को
दिनांक 29 मई 2026 की रात लगभग 1:30 बजे आरोपी जयदीप बघेल अपनी अल्टो कार क्रमांक MP-22-CA-4767 से शोभा के घर पहुंचा और महिला व दोनों बच्चों को अपने साथ ले गया। घर से बिना बताए चले जाने पर आरोपी के परिजनों ने थाना कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी, जिस पर गुमशुदगी क्रमांक 81/26 कायम किया गया।
यह भी पढ़े :- सिवनी में अवैध बूचड़खाने पर कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 11 मवेशी मुक्त कराए
“जब मैं नहीं जी सकता तो तू भी नहीं जी सकती”
दिनांक 2 जून 2026 को जयदीप बघेल थाना कोतवाली पहुंचा, जहां उसके साथ शोभा और दोनों बच्चे भी मौजूद थे। बाद में रात करीब 9 बजे थाने से निकलने के बाद आरोपी महिला और बच्चों को पुनः अपनी कार में बैठाकर छिंदवाड़ा चौक ले गया और वहां से कीटनाशक दवा खरीदी।
इसके बाद आरोपी सभी को ग्राम नरेला स्थित माता मंदिर के पास ले गया, जहां रात लगभग 10 बजे कार में बैठकर उसने जहरीली दवा की शीशी खोलते हुए शोभा से कहा — “जब मैं नहीं जी सकता तो तू भी नहीं जी सकती” और महिला तथा उसके पुत्र रियांश को दवा पिला दी। आरोपी ने स्वयं भी जहर का सेवन कर लिया।
इसी दौरान पुत्री काव्या कार से उतरकर भाग गई और परिजनों को मोबाइल से सूचना दी।
इलाज के दौरान मासूम की मौत
घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों द्वारा शोभा, रियांश एवं जयदीप को जिला अस्पताल सिवनी पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर रियांश और जयदीप को नागपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान 4 जून 2026 को नागपुर के चांडक अस्पताल में मासूम रियांश की मौत हो गई।
वहीं शोभा बघेल का उपचार सिवनी में जारी रहा और 8 जून को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी गई।
यह भी पढ़े :-कोतवाली पुलिस की तत्परता से 8 घंटे में मिला खोया बैग, 8 तोला सोना सुरक्षित लौटाया
हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी जयदीप बघेल ने शोभा बघेल एवं उसके पुत्र रियांश को जान से खत्म करने की नीयत से जहरीली कीटनाशक दवा पिलाई थी, जिसके चलते रियांश की मृत्यु हो गई। वहीं समय पर उपचार नहीं मिलने पर शोभा की जान भी जा सकती थी।
उक्त मामले में थाना कोतवाली सिवनी में अपराध क्रमांक 513/2026 के तहत धारा 103(1), 109(1) बी.एन.एस. के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना की गई।
आरोपी गिरफ्तार, कार जप्त
पुलिस ने आरोपी जयदीप बघेल को 10 जून 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। घटना में प्रयुक्त अल्टो कार क्रमांक MP-22-CA-4767 भी जप्त कर ली गई है।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्यवाही पुलिस अधीक्षक सिवनी कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी श्री सचिन परते के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
यह भी पढ़े :-हरनाखेड़ी में खनिज विभाग की कार्रवाई पर बवाल, ट्रैक्टर जब्ती के विरोध में थाने के सामने धरना
मामले की विवेचना और आरोपी की गिरफ्तारी में निरीक्षक सतीश तिवारी, उपनिरीक्षक राजेश शर्मा, प्रधान आरक्षक चन्द्रप्रकाश अडमें, मनोज पाल, नवीन तिवारी तथा आरक्षक सुधीर डहेरिया, मिथलेश उइके, प्रतीक बघेल, सतीश इनवाती, लोकेश सरयाम, सिद्धार्थ दुबे, मंजूलता नागवंशी, ममता गजभिये एवं आर. चालक मोनू डहेरिया की सराहनीय भूमिका रही।



