गिफ्ट अ डेस्क पहल : घंसौर में 1111 डेस्क-बेंच उपलब्ध
कलेक्टर संस्कृति जैन ने जताया आभार, बच्चों के चेहरों पर खुशी
सिवनी 28 अगस्त 2025
सिवनी यशो:- जिले में संचालित “गिफ्ट अ डेस्क” पहल निरंतर नई मिसालें गढ़ रही है।
समाज की सक्रिय भागीदारी से शासकीय प्राथमिक विद्यालयों की तस्वीर बदल रही है।
इसी कड़ी में घंसौर विकासखण्ड ने 1111 डेस्क-बेंच उपलब्ध कराकर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की।
इस अवसर पर कृषि उपज मंडी घंसौर में गुरुवार को भव्य समारोह आयोजित हुआ,
जिसमें कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन ने शामिल होकर दानदाताओं एवं ग्रामीणों का उत्साहवर्धन किया।

200 और डेस्क देने की बनी सहमति
समारोह में विभिन्न दानदाताओं ने आगे बढ़कर 200 और डेस्क देने की सहमति जताई।
इससे शिक्षा का माहौल और सशक्त होगा तथा बच्चों को पढ़ाई के लिए सुविधाजनक वातावरण मिलेगा।
बच्चों के चेहरों पर दिखी खुशी
नए डेस्क-बेंच मिलने पर स्कूली बच्चे प्रफुल्लित नजर आए। उन्होंने कहा कि अब वे जमीन पर बैठने की बजाय आराम से पढ़ाई कर सकेंगे।
जनप्रतिनिधियों और विभागों की सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष सरिता उइके, उपाध्यक्ष राजेन्द्र नामदेव,
जिला पंचायत सदस्य शिवांगी उइके, जनपद सदस्य लाकू मरकाम, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बिसन सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि,
विभागीय अधिकारी व ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने अपनी इच्छानुसार और डेस्क देने की सहमति जताई।
कलेक्टर ने जताया आभार, दी बधाई
कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन ने दानदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि घंसौर में 1111 डेस्क जुटाना ऐतिहासिक उपलब्धि है।
समाज और प्रशासन के सामूहिक प्रयास से शिक्षा के क्षेत्र में यह अनूठी मिसाल है।
उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनाएगी।
यह भी पढ़े :- ग्राम चिमनाखारी के ग्रामीणों ने ‘गिफ्ट अ डेस्क’ पहल हेतु निकाली पैदल तिरंगा यात्रा, कलेक्टर संस्कृति जैन का जताया आभार
शिक्षकों को दिए निर्देश
कलेक्टर ने शिक्षकों को एफएलएन गतिविधियों के प्रभावी उपयोग पर जोर देते हुए बच्चों की बौद्धिक क्षमता का आंकलन कर कमजोर विषयों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
घंसौर को पहला मॉडल विकासखण्ड बनाने का लक्ष्य
कलेक्टर ने अपेक्षा जताई कि गिफ्ट अ डेस्क पहल के अंतर्गत घंसौर शत-प्रतिशत डेस्क-बेंच उपलब्ध कराने वाला पहला विकासखण्ड बने।
बच्चों ने किया भविष्य का संकल्प
समारोह के अंत में बच्चों ने मेहनत से पढ़ाई कर अपने गाँव और जिले का नाम रोशन करने का संकल्प लिया। कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा में निवेश ही समाज का सबसे बड़ा दान है।



