सरस्वती विद्यालय भैरोगंज सिवनी का स्वर्ण जयंती समारोह 24-25 अक्टूबर को
दो दिवसीय आयोजन को लेकर तैयारियाँ को दिया जा रहा है अंतिम रूप
Seoni October 22, 2025
सिवनी यशो:- भारतीय संस्कृति और शिक्षा के उच्चतम मूल्यों के आदर्शो को आत्मसात करने वाले गौरवशाली शैक्षणिक संस्थान सरस्वती शिशु /उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भैरोगंज सिवनी अपनी स्थापना वर्ष 1975 से 2025 तक की गौरवशाली यात्रा के स्वर्णिम जयंती वर्ष के पड़ाव पर पहुँच चुकी है। इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा 24 एवं 25 अक्टूबर 2025 को भव्य स्वर्ण जयंती समारोह का आयोजन किया जा रहा है।

आयोजन को लेकर भव्य तैयारियाँ
दो दिवसीय इस आयोजन को लेकर विद्यालय के मूल भवन एवं नवीन भवन दोनों ही परिसरों में भव्य तैयारियाँ प्रारंभ हो चुकी हैं।
विद्यालय परिसर में आकर्षक साज-सज्जा, मंच निर्माण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रिहर्सल और अतिथि स्वागत की व्यवस्थाएँ जोरों पर हैं।
आयोजन के सफल संचालन हेतु विभिन्न आयोजन समितियाँ गठित की गई हैं। विद्यालय की संचालन समिति, प्राचार्य,आचार्यगण और समूचा विद्यालय परिवार आयोजन की तैयारी में पूरी निष्ठा से जुटा हुआ है ।
24 अक्टूबर को पूर्व छात्र मिलन समारोह
स्वर्ण जयंती वर्ष के दो दिवसीय भव्य आयोजन के तहत प्रथम दिवस 24 अक्टूबर 2025 (शुक्रवार) को पूर्व छात्र मिलन समारोह आयोजित होगा
जिसमें पिछले पचास वर्षो में अध्ययन कर चुके छात्र अपने अतीत की स्मृतियों के साथ विद्यालय की वर्तमान स्थिती से परिचित होंगे ।
यह कार्यक्रम सरस्वती शिशु मंदिर, सोमवारी चौक भैरोगंज सिवनी में प्रात: 11 बजे से आयोजित होगा
इस दिन विद्यालय के विभिन्न सत्रों के पूर्व छात्र एकत्र होकर स्मृतियों के स्वर्णिम पृष्ठों को पुनर्जीवित करेंगे। कार्यक्रम में —
पूर्व छात्रों का परिचय एवं समूह चर्चा, विद्यालय प्रदर्शनी का अवलोकन,
समूह छायाचित्र,
सुनहरी यादें और भावाभिव्यक्ति,
विशिष्ट उपलब्धियों का सम्मान,
पूर्व आचार्यों को स्मृति चिन्ह भेंट एवं समूह भोज का आयोजन
स्वर्ण जयंती मुख्य समारोह 25 अक्टूबर
स्वर्ण जयंती मुख्य समारोह के दूसरे दिन 25 अक्टूबर 2025 (शनिवार) को विद्यालय के नवीन भवन सरस्वती शिशु मंदिर केशव कुंज, पी.जी. कॉलेज के सामने,भैरोगंज सिवनी में प्रात: 11 बजे से कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से होगा।
इसके पश्चात अतिथि स्वागत, सम्मान समारोह और स्मारिका “स्वर्ण प्रभा” का भव्य विमोचन किया जाएगा।
मुख्य अतिथियों के प्रेरक उद्बोधन के साथ विद्यालय के छात्र-छात्राएँ विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देंगे।
जो संस्था की पचास वर्ष की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय यात्रा को प्रदर्शित करेंगी ।
दूसरे दिन के कार्यक्रमों का शुभारंभ श्रीमती संपतिया उइके केबिनेट मंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के मुुख्य आतिथ्य
एवं भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन की अध्यक्षता तथा बालाघाट सिवनी सांसद श्रीमती श्रीमती पारधी, विधायक सिवनी दिनेश राय मुनमुन एवं
विधायक बरघाट कमल मर्सकोले के विशिष्ट आतिथ्य में प्रारंभ होंगे ।
इस ऐतिहासिक अवसर का आयोजन पूर्व छात्र परिषद,
विवेकानंद बाल कल्याण समिति तथा
विद्यालय के परिवार द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।
विद्यालय परिवार ने समस्त पूर्व छात्रों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों एवं
सिवनीवासियों से इस स्वर्णिम अवसर पर सादर उपस्थिति का आग्रह किया है।



