"जब नन्हे कदमों पर सजी कृष्ण लीलाएं, सरस्वती विद्यालय का आंगन बन गया वृंदावन"
जन्माष्टमी महोत्सव में झलक उठा ब्रजधाम: बाल गोकुलम के भव्य मंच पर सजी भक्ति, संस्कृति और रंगों की अनुपम छटा
नन्हे-मुन्नों की मोहक झांकियां, रंगारंग प्रस्तुतियां और कृष्ण जन्म के अद्भुत दृश्य — सांसद भारती पारधी, विधायक दिनेश राय मुनमुन और भाजपा जिलाध्यक्ष मीना बिसेन ने की सराहना
Seoni 16 August 2025
सिवनी यशो:- पावन जन्माष्टमी के अवसर पर सरस्वती शिशु/उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भैरोगंज सिवनी का प्रांगण भक्ति, उल्लास और भारतीय संस्कृति की सुरम्य छटा से आलोकित हो उठा।

प्रतिवर्षानुसार आयोजित बाल गोकुलम इस बार और भी भव्य, रंगारंग और भक्तिमय स्वरूप में प्रस्तुत हुआ, जिसमें नन्हे-मुन्ने बालकों ने अपने अभिनय, नृत्य और झांकियों से सजीव ब्रजधाम का अद्भुत अनुभव कराया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मंच पर मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती भारती पारधी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन, विधायक दिनेश राय मुनमुन और विशिष्ट अतिथि श्रीमती श्वेता तुरकर (विकासखंड अधिकारी सिवनी), अरुण पटेवार तथा रामबहोरी पटेल की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमा प्रदान की।

सजे-धजे मंच पर जब बाल कलाकारों ने कृष्ण जन्म का कारागार दृश्य, नंद बाबा द्वारा गोकुल गमन और गोपाल लीलाएं जीवंत कीं, तो वातावरण “जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गूंज उठा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में बांसुरी की मधुर धुन, नृत्य की मनोहारी लय और परिधानों की रंगीन छटा ने दर्शकों को मानो द्वापर युग में पहुँचा दिया।

थाली सज्जा, पालना सज्जा, नृत्य, प्रश्नोत्तरी और मटकी फोड़ जैसी प्रतियोगिताओं में नगर के पोद्दार, डीपीसी रोल मॉडल, मिशन इंग्लिश स्कूल, अरुणाचल पब्लिक स्कूल, डिवाइन पब्लिक स्कूल, किड्स केयर पब्लिक स्कूल, महर्षि विद्या मंदिर और रॉयल पब्लिक स्कूल सहित कई विद्यालयों के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
मुख्य अतिथि का उद्बोधन
सांसद श्रीमती पारधी ने बाल गोकुलम को भारतीय संस्कारों का सजीव मंच बताते हुए कहा कि “यह कार्यक्रम न केवल भक्ति और मनोरंजन का संगम है, बल्कि आने वाली पीढ़ी को हमारी समृद्ध संस्कृति से जोड़ने का श्रेष्ठ माध्यम भी है।”

विशेष उपस्थिति और आयोजन समिति
आयोजन में विद्या भारती महाकौशल प्रांत के प्रदेश सह सचिव नितिन चौधरी, जिला सचिव विनीत अग्रवाल, अध्यक्ष दीपक साहू, कोषाध्यक्ष मनोज मर्दन त्रिवेदी, पूर्व व्यवस्थापक कृष्णा साहू सहित विवेकानंद बाल कल्याण समिति के पदाधिकारी, संपूर्ण आचार्य परिवार और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



