किचन में गंदगी मिली तो खैर नहीं! छिंदवाड़ा में होटल-रेस्टोरेंट की होगी औचक जांच, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
फूड सेफ्टी टीम सैंपलिंग के साथ करेगी किचन की हाइजीन जांच, 5 सितंबर को सुसरई में लगेगा मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर
छिंदवाड़ा में होटल-रेस्टोरेंट के किचन की होगी सख्त जांच, 5 सितंबर को सुसरई में जन-विश्वास शिविर
Chhindwara 31 August 2026
छिंदवाड़ा यशो:- होटल और रेस्टोरेंट में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता के साथ अब किचन की स्वच्छता और हाइजीन पर भी प्रशासन की सख्त नजर रहेगी। कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने फूड सेफ्टी टीम को निर्देश दिए हैं कि खाद्य सामग्री के सैंपल लेने के साथ ही जिले के होटल, रेस्टोरेंट एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों के किचन का औचक निरीक्षण भी किया जाए। यदि जांच के दौरान निर्धारित स्तर की स्वच्छता नहीं पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। उन्होंने अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह को खाद्य प्रतिष्ठानों में हाइजीन एवं फूड सेफ्टी से संबंधित कार्रवाई की साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश दिए।
सिर्फ सैंपल नहीं, किचन की सफाई भी देखेगी टीम
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि फूड सेफ्टी की जांच केवल खाद्य पदार्थों के सैंपल लेने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। होटल और रेस्टोरेंट के किचन में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के रखरखाव और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं का भी औचक निरीक्षण किया जाए।
उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थ तैयार करने वाले स्थान पर हाइजीन का विशेष ध्यान रखा जाना जरूरी है। लापरवाही मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए।
सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई के प्रकरणों की भी समीक्षा
बैठक में जिले के विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों, जनसुनवाई आवेदनों तथा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 के तहत प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने तथा शिकायतकर्ताओं को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
5 सितंबर को सुसरई में लगेगा मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर
कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने बताया कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जिले में निर्धारित रोस्टर में आंशिक संशोधन किया गया है। जन्माष्टमी पर्व के कारण अगला क्षेत्र भ्रमण एवं जन-विश्वास शिविर एक दिन आगे बढ़ाकर शनिवार 5 सितंबर को छिंदवाड़ा विकासखंड के ग्राम सुसरई में आयोजित किया जाएगा।
शिविर का आयोजन ग्राम पंचायत भवन सुसरई में होगा। कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
पिछले चार शिविरों की लंबित शिकायतें भी निपटें
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि सुसरई में होने वाले शिविर में अधिक से अधिक आमजन की शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही पिछले चार शिविरों में प्राप्त शिकायतों में यदि कोई प्रकरण अभी भी लंबित है तो उसका भी शीघ्र निराकरण कराया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन-विश्वास शिविर केवल आवेदन लेने तक सीमित न रहें, बल्कि आमजन को वास्तविक राहत और समाधान मिले, यह सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय तथा मुख्यालय के अधिकारी सभाकक्ष में उपस्थित रहे, जबकि जिले के अन्य सभी एसडीएम एवं खंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
यह भी पढ़े :- खबर की दौड़ में सबसे आगे नहीं, भरोसे की दौड़ में सबसे आगे!
वीरों के सम्मान में सिवनी ने बढ़ाया हाथ, लक्ष्य से ज्यादा झंडा निधि जुटाई; राज्य स्तर पर मिला सम्मान
पुलिस को देखकर भागा युवक, थैले की तलाशी ली तो निकला गांजा! बंडोल पुलिस ने 245 ग्राम के साथ दबोचा
https://www.naidunia.com/chhattisgarh/raipur-chhattisgarh-news-1311487



