‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान शुरू, सीएम डॉ. मोहन यादव बोले- नशे के खिलाफ होगी सबसे सख्त कार्रवाई
जीरो टॉलरेंस नीति पर सरकार अडिग, वर्ष 2029 तक नशा मुक्त भारत के लक्ष्य को लेकर प्रदेशभर में चलेगा विशेष अभियान
नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान शुरू: सीएम मोहन यादव बोले- नशे के खिलाफ होगी सबसे सख्त कार्रवाई
Bhopal 14 July 2026
भोपाल यशो:- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को राजधानी भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि मध्यप्रदेश सरकार नशे के अवैध कारोबार और इसके नेटवर्क के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी।
“मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि हमारी सरकार बनने के बाद हमने 19 धार्मिक शहरों में शराबबंदी और नशा मुक्ति अभियान शुरू किया। इसके लिए जय गुरुदेव और गायत्री परिवार जैसी संस्थाओं का सहयोग मिला। इनके माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस भी ड्रग माफियाओं के खिलाफ नरमी छोड़कर सख्ती से पेश आए। सरकार से जो भी सहयोग चाहिए, वह देने के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं।”
मुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उच्च शिक्षा विभाग और स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा तैयार नशा मुक्ति जागरूकता साहित्य एवं गृह मंत्रालय के अभियान पोस्टर का विमोचन किया। साथ ही पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा अभिनीत नशा मुक्ति पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।
यह भी पढ़े :- उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार का आज सिवनी दौरा
नशे के खिलाफ सामाजिक जागरूकता भी जरूरी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नशे के खिलाफ केवल कानून नहीं, बल्कि समाज की जागरूकता भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति ही नहीं, पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है, इसलिए इसे जड़ से समाप्त करने के लिए सरकार और समाज दोनों को मिलकर प्रयास करना होगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में चल रहे नशा मुक्ति अभियान की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार इस राष्ट्रीय अभियान में पूरी प्रतिबद्धता के साथ सहभागी है।
यह भी पढ़े :- नागपुर से भोपाल ले जाई जा रही थी गांजे की खेप, कार की सीट के नीचे बने गुप्त चैम्बर से बरामद हुआ मादक पदार्थ
नक्सलवाद की तरह नशे के खिलाफ भी निर्णायक लड़ाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार मध्यप्रदेश ने नक्सलवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर बड़ी सफलता हासिल की, उसी प्रकार अब नशे के खिलाफ भी निर्णायक अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध नशे के कारोबार में लिप्त संगठित गिरोहों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होगी, जो समाज के लिए मिसाल बने।
पड़ोसी राज्यों से भी होगा समन्वय
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए मध्यप्रदेश सरकार पड़ोसी राज्यों के साथ भी समन्वय स्थापित कर रही है। पुलिस विभाग इस दिशा में लगातार कार्रवाई कर रहा है और भविष्य में इसे और तेज किया जाएगा।
यह भी पढ़े :- शिवपुरी में 2,500 करोड़ के अडानी डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास करेंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
15 से 30 जुलाई तक चलेगा विशेष अभियान
विशेष पुलिस महानिदेशक पंकज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक पूरे मध्यप्रदेश में चलाया जाएगा। इस दौरान स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम, हेल्पलाइन, काउंसलिंग और जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश पुलिस एमडी सहित अन्य नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है तथा संगठित गिरोहों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नागरिकों को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उपस्थित नागरिकों को नशा मुक्त मध्यप्रदेश बनाने का संकल्प दिलाया। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा ने कहा कि नशा मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है।



