कमलनाथ ने रेल मंत्री को लिखा पत्र, छिंदवाड़ा होकर ट्रेनों की सुविधा की मांग
पूर्व मुख्यमंत्री ने पीट लाइन, डबल रेल लाइन और ट्रेनों के संचालन पर दिया सुझाव
Chhindwara 21 July 2025
छिन्दवाड़ा यशो:-पूर्व मुख्यमंत्री एवं छिंदवाड़ा सांसद कमलनाथ ने केंद्रीय रेल मंत्री को पत्र लिखकर छिंदवाड़ा रेल सुविधाओं में सुधार की मांग की है। पत्र में उन्होंने क्षेत्र के यात्रियों को हो रही असुविधाओं का उल्लेख करते हुए नई ट्रेनों के संचालन एवं पुराने रूट बहाल करने की बात कही है।
यह भी पढ़े :- रेलवे की खतरनाक इंजीनियरिंग, आमजनता की जान खतरे में
पत्र में उन्होंने उल्लेख किया कि वर्तमान में छिंदवाड़ा जैसे बड़े संसदीय क्षेत्र में पर्याप्त रेल सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिससे नागरिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेनों की संख्या और स्टॉपेज बढ़ाए जाएँ।
श्री नाथ ने अपने पत्र में आगे लिखा कि नागपुर-पांढुर्ना-खंडवा श्री दादाजी धूनीवाले धाम (दादा धाम एक्सप्रेस) कोराना संक्रमण काल से बंद है। जिसके चलते दादा धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को विभिन्न परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अविलम्ब इस ट्रेन को पुन: प्रारंभ किया जावे।
नागपुर, इटारसी व जबलपुर होकर चलने वाली एक्सप्रेस व पैसेंजर ट्रेनों को सिवनी होते हुए छिन्दवाड़ा से प्रारंभ कर या फिर वहीं समाप्त किया जा सकता है। ऐसा करने से आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में रेल सुविधा का विस्तार होगा साथ ही यात्रियों का सफर भी आसान हो जाएगा।
कमलनाथ ने सुझाईं ये प्रमुख ट्रेनें:
छिंदवाड़ा से भोपाल इंटरसिटी
(1)ट्रेन क्रमांक 18110- इतवारी-टाटा नगर ( टाटा नगर एक्सप्रेस)
(2)ट्रेन क्रमांक 12140- नागपुर-मुंबई (सेवाग्राम एक्सप्रेस)
(3)ट्रेन क्रमांक 15206- जबलपुर-लखनऊ (चित्रकूट एक्सप्रेस)
(4)ट्रेन क्रमांक 20151- रीवा-पुणे (रीवा सुपर फॉस्ट एक्सप्रेस)
इनके अतिरिक्त जबलपुर-सिवनी-छिन्दवाड़ा-नागपुर ट्रेन क्रमांक 59396 को सिवनी-बैतूल पैसेंजर को आमला जंक्शन तक विस्तारित किया जाना यात्रियों के हित में होगा।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने जारी पत्र के अंत में अनुरोध पूर्वक कहा कि छिन्दवाड़ा और सिवनी के रास्ते इन सेवाओं का विस्तार व मार्ग परिवर्तन करने से न केवल यहां की आबादी के एक बड़े हिस्से को लाभ होगा, बल्कि क्षेत्र का आर्थिक विकास और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
रेल लाइन और पीट लाइन की जरूरत पर जोर
पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी लिखा कि छिंदवाड़ा स्टेशन पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाने के लिए पीट लाइन बनाना आवश्यक है। इसके अलावा डबल लाइन परियोजना से न केवल यात्री सुविधाएं बढ़ेंगी बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।
स्थानीय जनता को लाभ होगा
कमलनाथ ने रेल मंत्री से यह आग्रह किया कि उपरोक्त सुझावों पर शीघ्र निर्णय लिया जाए, ताकि छिंदवाड़ा क्षेत्र के नागरिकों को समय पर यात्रा करने की सुविधा मिले और उन्हें अपने ही क्षेत्र से प्रमुख शहरों तक कनेक्टिविटी मिल सके।
रेल मंत्रालय की वेबसाइट पर जानें: https://indianrailways.gov.in/



