सिवनीक्राइममध्यप्रदेश

कारोबारी की कार से 5 लाख रुपये से भरा बैग गायब, हाईवे पर रोककर तोड़े कांच; पुलिस जांच में जुटी

इनोवा ने क्रेटा को रोका, बचने के दौरान वैगनआर से हुई टक्कर; हादसे के बाद कार छोड़कर भागे कर्मचारी और साथी

लखनादौन में कारोबारी की कार से 5 लाख रुपये गायब, हाईवे पर रोके जाने और हादसे के बाद चोरी का मामला

Seoni, 03 September 2026
सिवनी/लखनादौन यशो:- लखनादौन थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 पर सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे एक कारोबारी के कर्मचारी से 5 लाख रुपये की नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है।

कर्मचारी के अनुसार, सर्विस रोड पर एक इनोवा कार ने उनकी क्रेटा को रोक लिया और उसमें सवार कुछ लोगों ने कार के कांच तोड़ दिए। घबराकर कार भगाने के दौरान मड़ई टोल प्लाजा के पास पीछे से आ रही वैगनआर कार ने क्रेटा को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार सवार मौके से भाग गए। कुछ देर बाद लौटने पर कार से 5 लाख रुपये से भरा बैग गायब मिला।

पुलिस पूरे घटनाक्रम को कई एंगल से जांच रही है और घटना में शामिल बताए जा रहे वाहनों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

मुंबई खिलौना सामग्री खरीदने जा रहा था कर्मचारी

पुलिस के अनुसार, गोरखपुर, जबलपुर निवासी खिलौना कारोबारी कालू गिरी गोस्वामी का कर्मचारी सगताराम देवासी, जो मूल रूप से बाड़मेर का रहने वाला है, कार से मुंबई के मनीषा मार्केट में खिलौना सामग्री खरीदने जा रहा था। उसके पास कारोबारी की करीब 5 लाख रुपये की नकदी थी।

बताया गया है कि सोमवार-मंगलवार की रात करीब 1 बजे लखनादौन के सर्विस रोड पर उनकी क्रेटा कार को सामने से आई इनोवा कार ने रोक लिया। आरोप है कि इनोवा से उतरे कुछ लोगों ने क्रेटा के कांच तोड़ दिए। अचानक हुई इस घटना से घबराए सगताराम और उसके साथी ने कार को तेजी से पीछे की ओर भगाया।

टक्कर के बाद सड़क किनारे उतरी क्रेटा

इसी दौरान मड़ई टोल प्लाजा के पास पीछे से आ रही वैगनआर कार ने क्रेटा को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद क्रेटा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर गई और दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना से घबराए सगताराम और उसका साथी कार को मौके पर छोड़कर वहां से चले गए।

कुछ देर बाद जब दोनों वापस लौटे तो क्रेटा में रखा 5 लाख रुपये की नकदी वाला बैग गायब मिला। मौके से इनोवा और वैगनआर भी गायब थीं।

सीसीटीवी फुटेज से वाहनों की तलाश

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन में लखनादौन पुलिस घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

पुलिस द्वारा सगताराम से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों और संभावित सुरागों की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं लखनादौन और मड़ई टोल प्लाजा के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस इनोवा और वैगनआर की पहचान के साथ ही यह भी जांच कर रही है कि वास्तव में 5 लाख रुपये की नकदी कैसे गायब हुई और घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे।

कर्मचारी के बयान के बाद दर्ज होगा प्रकरण

एसडीओपी लखनादौन अपूर्व भलावी ने बताया कि जबलपुर से मुंबई कार लेकर जा रहे कर्मचारी सगताराम को घटनाक्रम के संबंध में पूछताछ के लिए बुलाया गया था।

दुर्घटना के बाद वह पुणे चला गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। अन्य तथ्यों के संबंध में आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। कर्मचारी के सामने आकर विस्तृत जानकारी देने के बाद प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

यह भी पढ़े :-किसानों को अब सिंचाई के लिए दिन में भी मिलेगी बिजली: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

PWD प्रभारी कार्यपालन यंत्री के.के. सिंगारे के ठिकानों पर EOW की छापेमारी, तीन शहरों में एक साथ दबिश

अन्नदाता सर्वोपरि, किसान कल्याण पर सरकार का विशेष ध्यान : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

दादाधाम एक्सप्रेस 3 दिन पांढुर्णा और 3 दिन छिंदवाड़ा होकर चले : सांसद

https://www.aajtak.in/amp/india/punjab/story/jalandhar-10-lakh-cash-stolen-thieves-puncture-moving-car-tyre-cctv-lcla-strc-2635260-2026-09-03

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button