निर्माण श्रमिकों के मेधावी बच्चों को मिलेगा 25,000 रुपए प्रोत्साहन
आवेदन की अंतिम तिथि 28 फरवरी, सत्र 2024-25 की प्रावीण्य सूची पोर्टल पर अपलोड
Seoni 10 December 2025
सिवनी यशो:- श्रम पदाधिकारी सिवनी ने बताया कि मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल द्वारा संचालित सुपर 5000 योजना के अंतर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के मेधावी छात्र को प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।
यह सहायता उन विद्यार्थियों को मिलती है जो म.प्र. माध्यमिक शिक्षा मण्डल की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा देकर राज्य मेरिट की शीर्ष 5000 सूची में स्थान प्राप्त करते हैं। पात्र विद्यार्थियों को जीवनकाल में एक बार 25,000 रुपए की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि दी जाती है।
सत्र 2024-25 की कक्षा 10वीं और 12वीं की संकायवार प्रावीण्य सूची श्रम सेवा पोर्टल (labour.mpgov.in) पर अपलोड कर दी गई है।
श्रम पदाधिकारी ने बताया कि पंजीकृत निर्माण श्रमिक अपने पात्र पुत्र-पुत्रियों के आवेदन, संबंधित विद्यालय प्राचार्य की अनुशंसा और आवश्यक दस्तावेजों सहित 28 फरवरी 2026 तक श्रम पदाधिकारी, जिला सिवनी कार्यालय में जमा कर सकते हैं।



