विधायक दिनेश राय मुनमुन ने उठाए पदस्थापना, मुआवजा, कालाबाजारी और पुल निर्माण के प्रश्न
विधानसभा सत्र में गूंजे सिवनी के मुद्दे
Seoni 01 August 2025
सिवनी यशो:- मध्यप्रदेश विधानसभा के जारी सत्र में सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने अपने क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रश्न सदन में रखे।
इनमें विभागीय पदों पर पदस्थापना, वन्य प्राणियों से पीडि़त ग्रामीणों को मुआवजा, खाद्यान्न की कालाबाजारी और पुल-पुलिया निर्माण से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं।
यह भी पढ़े :- “बाँध बने, नहरें अधूरी: सिवनी में सिंचाई योजनाओं की असली तस्वीर विधानसभा में उजागर”
विभागीय पदों पर पदस्थापना
विधायक के प्रश्न का उत्तर देते हुए जनजाति कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने बताया कि –
अनुसूचित जनजाति बाहुल्य 89 विकासखंडों की जनपद पंचायतों में अतिरिक्त सहायक विकास आयुक्त और बीडीओ के पद स्वीकृत हैं, हालांकि “क्षेत्र संयोजक” नाम से कोई पद स्वीकृत नहीं है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पदस्थापना स्थानांतरण नीति 2025 के प्रावधानों के अनुसार प्रभारी मंत्री की अनुशंसा पर की जा रही है।
कर्मचारियों की मांग पर स्थानांतरण रिक्त पद, परिवीक्षा अवधि और प्रशासनिक कारणों से संभव नहीं हो पाए।
वन्य प्राणियों से मुआवजा
वन राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने बताया कि वन्य प्राणियों से जनहानि, फसलहानि या संपत्ति को नुकसान होने पर राजस्व नियमों के तहत क्षतिपूर्ति दी जाती है।
यह भी पढ़े :-केवलारी विधायक का अनोखा विरोध: “भैंस” के साथ भाजपा सरकार की निष्क्रियता के खिलाफ प्रदर्शन
उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में लिंक फेंसिंग, सोलर पावर केसिंग और अवरोधक दीवार जैसी व्यवस्थाएं की जा रही हैं ।
साथ ही “बाघ चौपाल”, “सयाने मोगली की साइकिल” जैसे जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
इस योजना के अंतर्गत पेंच राष्ट्रीय उद्यान को 7.32 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं और 2025-26 से टाइगर रिजर्व बफर क्षेत्र विकास योजना शुरू की गई है।
खाद्यान्न की कालाबाजारी
खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने विधायक द्वारा पूछे गए खाद्यान्न कालाबाजारी से संबंधित प्रश्नों का उत्तर दिया। मंत्री ने आश्वासन दिया कि शिकायतों की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
पुल-पुलिया निर्माण
इसके अलावा विधायक दिनेश राय मुनमुन ने विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ठरकाखेड़ा से पिपरिया मार्ग पर पुल और पुलिया निर्माण की मांग को लेकर याचिका प्रस्तुत की।



