मंडलाफोर्ट से छिंदवाड़ा और जबलपुर के लिए सीधी रेल सेवा शुरू
सांसद डॉ. फग्गन सिंह कुलस्ते ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेनों को किया रवाना, यात्रियों में उत्साह
मंडलाफोर्ट छिंदवाड़ा सीधी रेल सेवा और जबलपुर के लिए रेल सेवा शुरू, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने दिखाई हरी झंडी
छिंदवाड़ा यशो :- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा और बेहतर रेल संपर्क को ध्यान में रखते हुए मंडलाफोर्ट से छिंदवाड़ा एवं जबलपुर के लिए नई सीधी रेल सेवाओं का शुभारंभ किया गया। मंडलाफोर्ट रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेनों को रवाना किया।
रेलवे प्रशासन के अनुसार 10 मई 2026 से गाड़ी संख्या 51704/51703 मंडलाफोर्ट–जबलपुर–मंडलाफोर्ट अपने निर्धारित समय पर संचालित होगी। नई रेल सेवाओं के शुभारंभ से मंडला, नैनपुर, छिंदवाड़ा और जबलपुर के बीच यात्रियों को अब अधिक सुगम एवं सीधा रेल संपर्क मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, यात्री एवं रेलवे अधिकारी उपस्थित रहे। नई रेल सेवा प्रारंभ होने से क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
रेल प्रशासन ने जानकारी दी कि पूर्व में संचालित गाड़ी क्रमांक 58828 मंडलाफोर्ट-नैनपुर एवं 58824 नैनपुर-छिंदवाड़ा रेल सेवाओं का विलय कर अब मंडलाफोर्ट-छिंदवाड़ा सीधी रेल सेवा (58824) प्रारंभ की गई है।
इसी प्रकार गाड़ी क्रमांक 51712 मंडलाफोर्ट-नैनपुर एवं 51706 नैनपुर-जबलपुर सेवाओं के स्थान पर अब मंडलाफोर्ट-जबलपुर सीधी रेल सेवा (51706) संचालित की जाएगी।
छिंदवाड़ा-जबलपुर इंटरसिटी फास्ट ट्रेन चलाने की उठी मांग
क्षेत्रीय नागरिकों और यात्रियों ने छिंदवाड़ा से जबलपुर के बीच इंटरसिटी फास्ट ट्रेन चलाने की मांग भी उठाई है। मांग की गई है कि सुबह छिंदवाड़ा से जबलपुर तथा शाम को जबलपुर से छिंदवाड़ा के लिए नियमित फास्ट ट्रेन चलाई जाए, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।
जानकारी के अनुसार वर्तमान में छिंदवाड़ा-जबलपुर मार्ग पर प्रतिदिन लगभग 50 बसें संचालित होती हैं। रेल सेवा प्रारंभ होने से यात्रियों का सफर अधिक सुरक्षित, सस्ता और सुविधाजनक होने की संभावना जताई जा रही है। नागरिकों ने क्षेत्रीय सांसद से रेल मंत्री से चर्चा कर इंटरसिटी फास्ट ट्रेन शुरू कराने की मांग की है।



