हॉकी के मैदान पर दिखा जुनून, खिलाड़ियों के सम्मान से गूंजा छपारा
राष्ट्रीय खेल दिवस पर भाजपा खेल प्रकोष्ठ का भव्य आयोजन, प्रदेश की चार टीमों के बीच प्रदर्शन मैच; विजेताओं को 51 हजार और 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि
छपारा में राष्ट्रीय खेल दिवस पर भव्य आयोजन, खिलाड़ियों को मिला सम्मान और पुरस्कार
Seoni 30 August 2026
सिवनी / छपारा यशो:- राष्ट्रीय खेल दिवस एवं हॉकी के महानायक मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के अवसर पर भाजपा खेल प्रकोष्ठ, मध्यप्रदेश द्वारा 29 अगस्त 2026 को छपारा में भव्य हॉकी प्रदर्शन मैच एवं खिलाड़ी सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
आयोजन में प्रदेशभर से पहुंचे खिलाड़ियों, कोचों एवं खेल संस्थाओं का सम्मान किया गया। हॉकी के मैदान पर खिलाड़ियों के जोश, अनुशासन और खेल प्रतिभा ने मौजूद खेल प्रेमियों में उत्साह भर दिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की चार श्रेष्ठ पुरुष एवं महिला हॉकी टीमों के बीच शानदार प्रदर्शन मैच आयोजित किए गए। बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने मैदान पर बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
विजेता टीमों पर बरसे पुरस्कार
प्रतियोगिता के बालक वर्ग में विजेता टीम को 51 हजार रुपये तथा उपविजेता टीम को 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
इसी प्रकार बालिका वर्ग में भी प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 51 हजार रुपये तथा द्वितीय स्थान पर रहने वाली टीम को 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
इसके साथ ही प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल संस्थाओं को सम्मानित कर उन्हें पुरस्कार एवं आकर्षक ट्रॉफियां प्रदान की गईं।
विश्वास सारंग रहे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वास सारंग, खेल एवं युवक कल्याण मंत्री, मध्यप्रदेश शासन रहे। इस अवसर पर मानसिंह यादव, प्रदेश संयोजक भाजपा खेल प्रकोष्ठ, सहित खेल प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, खिलाड़ी, कोच और खेल जगत से जुड़े गणमान्यजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए खिलाड़ियों एवं खेल प्रतिभाओं के सम्मान के साथ उनके लिए भोजन सहित अन्य व्यवस्थाएं भी की गईं। आयोजन की व्यवस्थाओं और भव्य स्वरूप की उपस्थित लोगों ने सराहना की।

खिलाड़ियों का सम्मान, खेल प्रतिभाओं को नई ऊर्जा
आयोजन को लेकर मानसिंह यादव ने कहा कि खिलाड़ियों, कोचों एवं खेल संस्थाओं के सम्मान के लिए प्रदेश स्तर पर इस प्रकार का आयोजन खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के साथ उन्हें आगे बढ़ने के लिए नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का माध्यम भी है। प्रदेश की प्रतिभाओं को बेहतर मंच और प्रोत्साहन मिलने से वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश का नाम रोशन कर सकती हैं।
भव्य आयोजन ने छोड़ी छाप
मानसिंह यादव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में खिलाड़ियों के सम्मान, पुरस्कार एवं ट्रॉफी वितरण के साथ व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों और खेल जगत से जुड़े लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए भाजपा खेल प्रकोष्ठ की पूरी टीम को बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान “खिलाड़ी का सम्मान—खेल का सम्मान” और “खेलेगा भारत, खेलेगा मध्यप्रदेश” का संदेश भी प्रमुखता से दिया गया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित यह प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम खेल प्रतिभाओं को मंच देने और खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा।
यह भी पढ़े :- खबर की दौड़ में सबसे आगे नहीं, भरोसे की दौड़ में सबसे आगे!
राष्ट्रीय खेल दिवस पर बैडमिंटन कोर्ट में दिखा जोश, बुजुर्गों और गृहणियों ने भी आजमाया हुनर
छिंदवाड़ा में TET शिक्षकों पर पुलिस कार्रवाई, दिल्ली जा रहे 25 शिक्षक ट्रेन से उतारे
‘बहनों के सम्मान से खिलवाड़ किया तो भारी कीमत चुकानी होगी’, रक्षाबंधन पर CM मोहन यादव का बड़ा संदेश
https://www.naidunia.com/madhya-pradesh/neemuch-neemuch-news-jansunwai-7766060



