सिवनी यशो:- कलेक्टर क्षितिज सिंघल की अध्यक्षता में सोमवार 12 फरवरी को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नवजीवन विजय, अपर कलेक्टर सुश्री सुनीता खण्डायत सहित सभी अनुविभागीय अधिकारियों एवं विभाग प्रमुखों की उपस्थिति रही साथ ही विकासखण्डस्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंघल ने सीएम हेल्पलाईन में दर्ज 100 दिवस से अधिक समय से लंबित विभागवार शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के दौरान कार्यपालन यंत्री पीएचई, तहसीलदार घंसौर एवं केवलारी द्वारा शिकायतों पर नियमानुसार त्वरित कार्यवाही न करने से शिकायत का लंबित रहना पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसी तरह समय सीमा में दर्ज धान उपार्जन के भुगतान संबंधी प्रकरण में आपेक्षित कार्यवाही न करने को लेकर जिला प्रबंधक आजीविका मिशन तथा जिला प्रबंधक नान को कारण बताओ नोटिस जारी करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों 50 दिवस से अधिक समय से लंबित एवं जिलेवार रैंकिंग के लिए चयनित शिकायतों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर श्री सिंघल ने आकस्मिक बारिश एवं ओला वृष्टि से हुई फसल नुकसानी के सदंर्भ में सभी अनुविभागीय अधिकारी से चर्चा कर निर्देशित किया कि राजस्व, कृषि, उद्यानिकी विभाग का मैदानी अमला मौके में पहुंचकर नुकसानी का आकलन करें तथा संयुक्त रिपोर्ट प्रस्तुत कर आरबीसी 6-4 के प्रावधानुसार राहत प्रकरण तैयार किए जाएं। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को राजस्व महाअभियान के दौरान अविवादित बटवारा, नामांतरण सहित सभी भू-राजस्व प्रकरणों को निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को लंबित गिरदावरी के प्रकरणों को पूर्ण करने के निर्देंश दिए।
कलेक्टर श्री सिंघल ने सभी विभागीय अधिकारियों को उनके कार्यालय में लंबित अनुकंपा नियुक्ति प्रकरणों तथा रिक्त पदों की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसी तरह उपसंचालक कृषि से जिले में फसलों की स्थिति एवं खाद-बीज की उपलब्धता संबंधी जानकारी प्राप्त कर निर्देशित किया कि किसानों की की मांगानुरूप पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। आगामी माह की आवश्यकता का आकलन कर पूर्व से भण्डारण सुनिश्चित किया जाए।





