नर्सिंग छात्रों का फूटा सब्र, परीक्षाएं जल्द कराने राज्यपाल-CM को सौंपा ज्ञापन
2020-21 बैच को दिसंबर 2026 तक डिग्री व रजिस्ट्रेशन नंबर देने सहित सात मांगें रखीं
नर्सिंग कॉलेज परीक्षाएं जल्द कराने छात्र संघ ने राज्यपाल-CM को सौंपा ज्ञापन
Chhindwara 01 September 2026
छिंदवाड़ा यशो:- मध्यप्रदेश के सूटेबल, अनसूटेबल एवं सुप्रीम कोर्ट के स्टे वाले 56 नर्सिंग कॉलेजों के विद्यार्थियों की लंबित परीक्षाएं जल्द आयोजित कराने की मांग को लेकर छात्र संघ ने कलेक्टर के माध्यम से राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं उच्च न्यायालय जबलपुर, इंदौर और ग्वालियर के नाम ज्ञापन सौंपा। छात्र नेता अर्पित तिवारी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में नर्सिंग विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए लंबित परीक्षाओं का शीघ्र आयोजन कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में बीएससी नर्सिंग के सभी श्रेणी के सूटेबल कॉलेजों, ग्वालियर क्षेत्र के 56 कॉलेजों के विद्यार्थियों तथा जीएनएम के शेष विद्यार्थियों की परीक्षाएं बिना विलंब आयोजित कराने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई है। छात्र संघ ने नर्सिंग मामले की अतिशीघ्र विशेष बेंच के माध्यम से सुनवाई कराकर सभी नर्सिंग विद्यार्थियों के हित में उचित निर्णय लेने की मांग भी की।
दिसंबर 2026 तक डिग्री और रजिस्ट्रेशन की मांग
छात्र संघ ने बैच 2020-21 के विद्यार्थियों को दिसंबर 2026 तक डिग्री एवं रजिस्ट्रेशन नंबर उपलब्ध कराने की मांग की है। इसके साथ ही बैच 2021-22 और 2022-23 के विद्यार्थियों की सभी लंबित परीक्षाएं शीघ्र आयोजित कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
जल्द जारी हो परीक्षा कैलेंडर
ज्ञापन में मध्यप्रदेश मेडिकल साइंस यूनिवर्सिटी (MPMSU) एवं मध्यप्रदेश नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल (MPNRC) से नर्सिंग विद्यार्थियों की लंबित परीक्षाओं को लेकर जल्द से जल्द परीक्षा कैलेंडर जारी करने की मांग की गई है।
छात्र संघ का कहना है कि लंबे समय से परीक्षाएं लंबित रहने के कारण हजारों नर्सिंग विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों के हित में शासन एवं संबंधित संस्थाओं को शीघ्र निर्णय लेकर परीक्षाओं का आयोजन कराना चाहिए।
यह भी पढ़े :- खबर की दौड़ में सबसे आगे नहीं, भरोसे की दौड़ में सबसे आगे!
जबलपुर बनेगा डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग का हब, 475 करोड़ से अधिक की टैंक ओवरहॉल परियोजना का शुभारंभ



