6 फरवरी को ‘परीक्षा पे चर्चा’: प्रधानमंत्री मोदी विद्यार्थियों से करेंगे सीधा संवाद
मध्यप्रदेश के सभी स्कूलों में होगा सामूहिक आयोजन, 24 लाख से अधिक पंजीयन

सिवनी, 05 फरवरी 2026।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 6 फरवरी को देशभर के विद्यार्थियों के साथ ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के तहत सीधा संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में परीक्षा से जुड़े तनाव को कम करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का राष्ट्रीय आयोजन 6 फरवरी को प्रातः 10 बजे नई दिल्ली से किया जाएगा। यह ‘परीक्षा पे चर्चा’ का नवां संस्करण है। प्रधानमंत्री श्री मोदी वर्ष 2018 से लगातार विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें मानसिक मजबूती और प्रेरणा प्रदान कर रहे हैं।
मध्यप्रदेश में भी व्यापक स्तर पर आयोजन
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार मध्यप्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों में ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम को समारोहपूर्वक आयोजित किया जाएगा।
राज्य-स्तरीय कार्यक्रम राजधानी भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में होगा, जिसमें वरिष्ठ अधिकारी, विशिष्ट जन एवं अभिभावक विद्यार्थियों के साथ सजीव प्रसारण में सहभागिता करेंगे।
मंत्री करेंगे विद्यार्थियों के साथ सहभागिता
स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह नरसिंहपुर जिले के चावरपाठा विकासखंड अंतर्गत ग्राम तेंदूखेड़ा स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के बीच उपस्थित रहकर कार्यक्रम के लाइव प्रसारण में सहभागिता करेंगे।
रिकॉर्ड सहभागिता, 24 लाख से अधिक पंजीयन
‘परीक्षा पे चर्चा’ में सहभागिता के लिए 1 दिसंबर से 11 जनवरी तक ऑनलाइन पंजीयन कराया गया था।
इस दौरान मध्यप्रदेश से—
कक्षा 6वीं से 12वीं तक के 22 लाख 95 हजार से अधिक विद्यार्थियों,
1 लाख 28 हजार से अधिक शिक्षकों,
तथा 17 हजार से अधिक अभिभावकों
सहित कुल 24 लाख 41 हजार 390 व्यक्तियों ने पंजीयन कराया, जो प्रदेश में कार्यक्रम की व्यापक स्वीकार्यता को दर्शाता है।
टीवी से लेकर OTT तक सीधा प्रसारण
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दूरदर्शन (डीडी नेशनल, डीडी न्यूज, डीडी इंडिया), ऑल इंडिया रेडियो,
PMO वेबसाइट, MyGov.in, YouTube, Facebook Live,
दीक्षा, स्वयंप्रभा चैनल,
साथ ही नेटफ्लिक्स, जियो हॉटस्टार और अमेजन प्राइम वीडियो सहित विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर किया जाएगा। निजी चैनलों द्वारा भी लाइव प्रसारण किया जाएगा।
स्कूलों में तकनीकी व्यवस्था पूर्ण
प्रदेश के विद्यालयों में टीवी प्रसारण के साथ-साथ कंप्यूटर, लैपटॉप एवं इंटरनेट आधारित डिवाइसों के माध्यम से विद्यार्थियों को कार्यक्रम देखने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। आयोजन की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संचालक लोक शिक्षण द्वारा सभी कलेक्टर्स एवं मैदानी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।




One Comment