मध्यप्रदेशछिंदवाड़ा

केंद्रीय बजट ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने वाला : संपतिया उइके

गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को प्राथमिकता देने वाला बजट : पीएचई मंत्री

छिंदवाड़ा यशो :- पीएचई मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा है कि केंद्रीय बजट 2026 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत आधार प्रस्तुत करता है। यह बजट हर नागरिक के सपनों और भविष्य की नींव रखने वाला है, जिसमें गरीब, किसान, युवा, महिलाएं, मध्यम वर्ग और उद्यमियों के सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी गई है।

केंद्रीय बजट को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए श्रीमती उइके ने कहा कि यह बजट युवाओं के सपनों को उड़ान देने वाला, किसानों के विश्वास को मजबूत करने वाला और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निर्णायक है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा लगातार नौवीं बार संसद में बजट प्रस्तुत किया जाना, भारतीय संसदीय इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

महिला सशक्तिकरण नीति और नीयत का हिस्सा

पीएचई मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी स्पष्ट रूप से मानते हैं कि महिलाएं केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि भारत की ग्रोथ इंजन हैं। इसी सोच के अनुरूप महिला सशक्तिकरण को सरकार ने केवल नारों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि नीति और नीयत दोनों का हिस्सा बनाया है। बजट 2026 में महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा, स्वावलंबन और नेतृत्व क्षमता को केंद्र में रखा गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार की पहचान रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म रही है और आज भारत केवल सुधारों की चर्चा नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारते हुए तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। इस बदलाव की सबसे बड़ी ताकत नारी शक्ति है।

युवाओं और तकनीकी कौशल पर फोकस

श्रीमती उइके ने कहा कि युवाओं के लिए अवसर सृजन सरकार की प्राथमिकता है। स्किल इंडिया, डिजिटल स्किल्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और ग्रीन टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण देकर युवाओं को भविष्य की नौकरियों के लिए तैयार किया जा रहा है। बजट का फोकस केवल अर्थव्यवस्था को गति देने तक सीमित नहीं, बल्कि गरीब, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग के समग्र सशक्तिकरण पर केंद्रित है।

पत्रकार वार्ता में उपस्थित रहे ये नेता

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, जिला महामंत्री एवं बजट प्रचार अभियान समिति के जिला संयोजक विजय पांडे, जिला उपाध्यक्ष एवं सहसंयोजक अजय सक्सेना, बजट टोली के सहसंयोजक नीरज भारद्वाज, अनुज पाटकर, मीडिया प्रभारी संदीप सिंह चौहान, सोशल मीडिया प्रभारी राहुल शर्मा सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सीएमएचओ हटाने को लेकर स्वास्थ्य मंत्री से चर्चा का भरोसा

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी नरेश गोन्नाडे की कार्यप्रणाली को लेकर पूछे गए सवाल पर पीएचई मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि संबंधित अधिकारी ने फिलहाल हाईकोर्ट से स्थगन (स्टे) प्राप्त किया है। जैसे ही स्टे समाप्त होगा, आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में वे स्वास्थ्य मंत्री एवं प्रभारी मंत्री से भी चर्चा करेंगी।

जहरीली कफ सिरप से जिले में 26 बच्चों की मौत के मामले में सीएमएचओ की जिम्मेदारी तय न होने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि जांच होनी चाहिए थी। इस विषय में कलेक्टर से भी चर्चा की गई है।

मंडी सचिव के निलंबन पर भी उठाए सवाल

पीएचई मंत्री ने मंडी सचिव मनोज चौकीकर को निलंबित किए जाने के मामले पर कहा कि कलेक्टर से मिली जानकारी के अनुसार इसमें मंडी सचिव की प्रत्यक्ष भूमिका सामने नहीं आई है। उन्होंने बताया कि इस विषय में कृषि मंत्री और मंडी के डायरेक्टर से भी चर्चा की गई है।

https://www.google.com/amp/s/www.amarujala.com/amp/madhya-pradesh/bhopal/mp-news-in-the-union-budget-2026-27-madhya-pradesh-will-get-a-railway-budget-of-rs-15-188-crore-2026-02-03

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button