उचित मूल्य की दुकानों से आखिर राशन गया कहां? – कपाले
“क्या गरीबों के हिस्से का राशन किसी ने डकार लिया?” 70% हितग्राहियों को नहीं मिला अनाज, उठे बड़े सवाल
छिंदवाड़ा राशन वितरण गड़बड़ी – गरीबों का राशन गया कहां?
Chhindwara 11 May 2026
छिंदवाड़ा यशो:- जिले की सार्वजनिक वितरण प्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। उचित मूल्य की दुकानों से राशन वितरण में भारी गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए जिला कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष सुरेश कपाले ने प्रशासन और खाद्य विभाग पर गंभीर प्रश्न खड़े किए हैं।
उन्होंने कहा कि जिले की 740 उचित मूल्य दुकानों से करीब 3 लाख 33 हजार कार्डधारी परिवार राशन प्राप्त करते हैं, लेकिन इनमें से लगभग 70 प्रतिशत हितग्राहियों को राशन नहीं मिला। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि परिवहन के बाद गरीबों और जरूरतमंदों के हिस्से का राशन आखिर गया कहां?
यह भी पढ़े :-<सहकारी समितियों में भ्रष्टाचार रोकने राज्य सूचना आयोग का अहम फैसला/p>
“क्या गरीबों के राशन पर पड़ा डाका?”
सुरेश कपाले ने आरोप लगाते हुए कहा कि राशन वितरण में इतनी बड़ी गड़बड़ी किसी बड़े खेल की ओर इशारा करती है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या गरीब और जरूरतमंद परिवारों के हिस्से के राशन पर किसी ने डाका डाल दिया है?
उन्होंने कहा कि इससे पहले भी राशन वितरण प्रणाली में बड़े गोलमाल सामने आ चुके हैं, लेकिन उनकी निष्पक्ष जांच नहीं हुई और मामलों को दबा दिया गया। अब फिर बड़ी संख्या में हितग्राहियों को राशन नहीं मिलने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
प्रशासन और खाद्य विभाग से जांच की मांग
कांग्रेस नेता ने जिला प्रशासन और खाद्य विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो गरीब परिवारों का भरोसा सार्वजनिक वितरण प्रणाली से पूरी तरह उठ जाएगा।
यह भी पढ़े :- सीईओ जिला पंचायत नवजीवन पवार ने समय-सीमा बैठक में विभागों को दिये कड़े निर्देश
उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता और सुधार सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि पात्र परिवारों को नियमित रूप से राशन मिल सके।
पहले भी उठ चुके हैं गड़बड़ी के आरोप
जानकारों के अनुसार जिले में पहले भी राशन वितरण में अनियमितताओं और हेराफेरी के आरोप सामने आते रहे हैं। कई बार हितग्राहियों ने समय पर राशन नहीं मिलने और रिकॉर्ड में वितरण दिखाने जैसी शिकायतें भी की हैं।
यह भी पढ़े :- “गरीब हितग्राहियों के राशन पर डाका? 6 माह से अनाज से वंचित, रिकॉर्ड में दिख रहा वितरण”
अब एक बार फिर राशन वितरण प्रणाली पर उठे सवालों ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर दिया है।



