मिशन स्कूल कॉम्प्लेक्स में अवैध शराब का विक्रय
सीमेंट दुकान संचालक के यहाँ आबाकारी का छापा, बड़ी मात्रा में मिली शराब
Seoni 14 December 2024
सिवनी यशो:- कलेक्टर सिवनी सुश्री संस्कृति जैन (Collector Seoni Ms. Sanskriti Jain) के नेतृत्व एवं जिला आबकारी अधिकारी सिवनी विनोद खटीक (District Excise Officer Seoni Vinod Khatik) के निर्देशन में आबकारी विभाग सिवनी (Excise Department Seoni) के द्वारा अवैध शराब (illicit liquor) की धड़पकड़ लगातार जारी है । कल शाम गश्त दौरान आबकारी विभाग (Excise Department) को सूचना प्राप्त हुई थी कि मिशन स्कूल कंपाउंड (Mission School Compound) में स्थित मिशन कॉम्प्लेक्स में सीमेंट की एक दुकान जिसका नाम प्रमोद इंटरप्राइजेज है , से सीमेंट दुकान का संचालक अवैध रूप से देशी एवं विदेशी शराब का विक्रय भी करता है ।
प्राप्त सूचना के आधार पर तत्काल प्रमोद इंटरप्राइजेज नामक सीमेंट की दुकान में उपस्थित होकर दुकान में छापा मारा गया और दुकान की तलाशी ली गई । तलाशी में दुकान में संचालक प्रमोद नेमा के कब्जे से देशी एवं विदेशी शराब बरामद हुई है जिसमें रॉयल स्टैग व्हिस्की की 05 बोतल, ऑफिसर्स च्वाइस व्हिस्की की 05 बोतल, सिग्नेचर व्हिस्की की 04 बोतल , मैकडॉवेल रम की 06 बोतल 17 पाव देशी प्लेन शराब बरामद की जाकर मौके से जप्त की गई है एवं आरोपी प्रमोद नेमा आत्मज थून्नुलाल उम्र 63 वर्ष के विरुद्ध आबकारी शहर वृत्त के अंतर्गत मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम , 1915 की धारा 34 (1) (क) के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया गया है ।
मौके पर शराब के विभिन्न ब्रांड एवं लेबल की अनेक बोतलें और खाली गिलास भी बरामद हुए हैं जिसे भी आबकारी स्टॉफ के द्वारा जप्त किया गया है । ऐसा अनुमान है कि आरोपी अपनी सीमेंट दुकान से शराब बेचने के अलावा शराब पिलाने का काम भी करता रहा है। जप्त शराब की मात्रा लगभग 18 लीटर एवम उसकी अनुमानित कीमत लगभग 20,000 रुपए है । आज की छापामार कार्यवाही में सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रणय श्रीवास्तव, आबकारी उप निरीक्षक राजेश सिंघल एवं सुश्री खुशबू प्रिया मरावी, मुख्य आरक्षक तीरथ सनोडिया, आरक्षक लेखसिंह टेकाम, संतराम मरावी, आनंद मरावी, सेवक राम भलावी, मुकेश अहिरवार एवं अर्चना इनवाती शामिल रहे हैं ।





