शासकीय विद्यालयों के बच्चों का भविष्य हमारी जिम्मेदारी: कलेक्टर नेहा मीना
सिवनी कलेक्टर नेहा मीना शिक्षा बैठक – कमजोर स्कूलों को नोटिस, 2027 में टॉप-5 लक्ष्य
Seoni 21 April 2026 सिवनी यशो:- कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने जनजातीय कार्य विभाग एवं शिक्षा विभाग के संकुल प्राचार्यों की संयुक्त बैठक लेकर शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चे हमारी जिम्मेदारी हैं और उनका बेहतर भविष्य सुनिश्चित करना हम सभी का दायित्व है।

2027 में टॉप-5 जिलों में शामिल करने का लक्ष्य
कलेक्टर ने वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षा में सिवनी जिले को प्रदेश के शीर्ष 5 जिलों में शामिल करने का लक्ष्य तय करते हुए इसे जन-अभियान के रूप में चलाने के निर्देश दिए। बीईओ और बीआरसी को फील्ड में सक्रिय रहकर स्कूलों की निरंतर मॉनिटरिंग करने को कहा गया।
कम रिजल्ट वाले स्कूलों पर सख्त कार्रवाई
कक्षा 10वीं में 45% से कम परिणाम वाले पिंडरई, मढी, तिलक स्कूल सिवनी, आदेगांव, ग्वारी, खखरिया, चिरचिरा, बोथिया, मऊ और परासिया स्कूलों के प्राचार्यों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

कक्षा 12वीं में खराब प्रदर्शन वाले मढी, खखरिया एवं सांदीपनि विद्यालय धनौरा के प्राचार्यों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में अनुपस्थित एकलव्य विद्यालय के प्राचार्य के खिलाफ भी नोटिस जारी होगा।
अच्छा प्रदर्शन करने वाले प्राचार्यों का सम्मान
शत-प्रतिशत एवं बेहतर परिणाम देने वाले प्राचार्यों को साल-श्रीफल देकर सम्मानित किया गया और उनके प्रयासों की सराहना की गई।
रिमेडियल क्लास और विशेष परीक्षा पर जोर
अनुत्तीर्ण छात्रों के लिए विशेष रिमेडियल कक्षाएं संचालित करने और सभी पात्र विद्यार्थियों के परीक्षा फॉर्म शत-प्रतिशत भरवाने के निर्देश दिए गए।
ड्रॉपआउट रोकने के सख्त निर्देश
कलेक्टर ने ड्रॉपआउट रोकने को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अभिभावकों से सतत संपर्क और छात्रों का पुनः नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्मार्ट क्लास और डिजिटल पढ़ाई पर फोकस
कक्षा 10वीं और 12वीं के लिए वीडियो लेक्चर तैयार कर स्मार्ट क्लास के माध्यम से सभी स्कूलों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। ICT लैब और अटल टिंकरिंग लैब के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
मासिक असेसमेंट से होगी प्रगति की निगरानी
विद्यार्थियों की प्रगति जानने के लिए सभी स्कूलों में नियमित मासिक असेसमेंट कराने के निर्देश दिए गए ताकि कमजोर छात्रों को समय पर सहायता मिल सके।
छात्रवृत्ति, साइकिल और किताब वितरण पर सख्ती
कलेक्टर ने छात्रवृत्ति, आधार लिंकिंग, साइकिल और पाठ्यपुस्तक वितरण में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। साथ ही RTE के तहत प्रवेश प्रक्रिया को भी शत-प्रतिशत पूर्ण करने को कहा। https://dprcg.gov.in/post/1764343832/Raipur-Shaping-a-golden-future-for-children-is-the-foremost-responsibility-of-the-Education-Department-CM-Shri-Vishnu-Deo-Sai





