सिवनीमध्यप्रदेश

साइबर ठगी से बचाव के लिए सिवनी पुलिस का बड़ा अभियान, 2390 लोगों को किया जागरूक

सेफ क्लिक अभियान के चौथे दिन 36 कार्यक्रम आयोजित, महिलाओं, छात्राओं और ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचने के व्यवहारिक उपाय बताए।

सेफ क्लिक अभियान सिवनी -2026: 36 कार्यक्रमों में 2390 लोग हुए साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक

Seoni 28 June 2026
सिवनी यशो:- डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों से नागरिकों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन में जिलेभर में संचालित ‘सेफ क्लिक अभियान-2026’ के चौथे दिन शनिवार को 36 साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इन कार्यक्रमों के माध्यम से 2390 नागरिकों को साइबर सुरक्षा एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

प्रदेशव्यापी यह अभियान 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने महिला विद्यालयों, महाविद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर छात्राओं, महिलाओं, बच्चों एवं आम नागरिकों से सीधा संवाद किया।

यह भी पढ़े :- छपारा में सदगुरु कबीर प्राकट्य महोत्सव: कबीर के सिद्धांतों पर चलकर सामाजिक और आध्यात्मिक क्रांति का आह्वान

साइबर अपराधों से बचाव के बताए उपाय

जागरूकता कार्यक्रमों में साइबर बुलिंग, मॉर्फिंग, स्पूफिंग, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी केवाईसी अपडेट, ओटीपी फ्रॉड, ऑनलाइन निवेश ठगी, बैंकिंग धोखाधड़ी तथा ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े साइबर अपराधों की जानकारी सरल भाषा में दी गई।

साथ ही सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, संदिग्ध लिंक एवं कॉल से सतर्क रहने तथा व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई।

लाइव डेमो से सिखाई ऑनलाइन शिकायत प्रक्रिया

कार्यक्रमों में नागरिकों को साइबर सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए गए तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया का लाइव डेमो भी दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर सूचना देने से ठगी गई राशि को सुरक्षित रखने या वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।

जिला मुख्यालय पर भी हुए विशेष कार्यक्रम

सेफ क्लिक 2.0 अभियान के अंतर्गत जिला मुख्यालय पर पुलिस नोडल टीम के निरीक्षक ओमेश्वर ठाकरे, एएसआई देवेंद्र जायसवाल तथा मातृशक्ति संगठन के सहयोग से पीएम श्री कन्या शाला मठ मंदिर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस कन्या महाविद्यालय, महारानी लक्ष्मीबाई कन्या शाला, बाल संप्रेषण गृह, दिशा लर्निंग सेंटर, संकट मोचन हनुमान मंदिर एवं शनि मंदिर सहित विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

स्वयंसेवी संस्थाओं का मिला सहयोग

अभियान को सफल बनाने में मातृशक्ति संगठन, मार्गिक फाउंडेशन, कनक फाउंडेशन एवं कलम फाउंडेशन का विशेष सहयोग रहा।

सिवनी पुलिस की अपील

सिवनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के साइबर अपराध या ऑनलाइन ठगी की स्थिति में घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस का संदेश है— “सतर्कता ही सुरक्षा है, सुरक्षित क्लिक करें और सुरक्षित जीवन जिएं।”

https://cybercrime.gov.in/Hindi/Defaulthn.aspx

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button