पेसा एक्ट का प्रभावी क्रियांवयन, थावरझोड़ी नशामुक्त ग्राम बनेगा, राज्यपाल ने दिलाई शपथ
कलश यात्रा और गोंडी नृत्य से ग्रामीणों ने किया स्वागत
सिवनी, 21 अगस्त 2025 सिवनी यशो:- राज्यपाल मंगुभाई पटेल गुरुवार को कुरई विकासखंड के ग्राम थांवरझोड़ी पहुँचे।
ग्रामवासियों ने उनका परंपरागत कलश यात्रा और गोंडी नृत्य से आत्मीय स्वागत किया। ग्रामीणों में इस कार्यक्रम को लेकर उत्साह का माहौल रहा।
केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ
राज्यपाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार समाज के हर वर्ग के लिए योजनाएँ संचालित कर रही हैं। आयुष्मान भारत योजना ने गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा दी है।
उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है और आजीविका मिशन से बहनें आर्थिक स्वावलंबन की मिसाल बनी हैं।
आदिवासी समुदाय के लिए योजनाएँ
उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना और प्रधानमंत्री धरती आबा योजना को शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और आजीविका संवर्धन में महत्वपूर्ण बताया।
राज्यपाल ने कहा कि इन योजनाओं से आदिवासी जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।
पेसा पंचायत में नशामुक्ति का संकल्प
कार्यक्रम में परंपरागत खाट बैठक के तहत पेसा पंचायत आयोजित हुई। सरपंच श्रीमती कल्पना उइके ने ग्राम को नशामुक्त बनाने का प्रस्ताव रखा। यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुआ।
निर्णय लिया गया कि नशा करने वालों पर 1000 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा, जो ग्राम विकास कार्यों में खर्च होगा।
राज्यपाल श्री पटेल ने ग्रामवासियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई और कहा कि थांवरझोड़ी अन्य गांवों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
सिकल सेल उन्मूलन पर बल
राज्यपाल ने कहा कि सिकल सेल रोग विशेषकर जनजातीय समाज में व्यापक है। उन्होंने अपील की कि विवाह से पहले वर-वधू का सिकल सेल कार्ड मिलाया जाए।
यदि दोनों ही रोगग्रस्त हों तो विवाह न किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ी सुरक्षित रहे।

उन्होंने लक्ष्य रखा कि वर्ष 2047 तक भारत को सिकल सेल मुक्त बनाना है। इसके लिए जन-जागरूकता शिविरों और परीक्षण कार्यक्रमों में अधिक भागीदारी आवश्यक है।
यह भी पढ़े :- राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने सिवनी के झोला गांव में ग्रामीणों से किया आत्मीय संवाद
मिशन जीवन पर्यंत की सराहना
जिले की अभिनव पहल “मिशन जीवन पर्यंत” का मंचन नाटक के माध्यम से किया गया।
इसके अंतर्गत लाडली बहना योजना की हितग्राही महिलाओं को अटल पेंशन योजना से जोड़ा जा रहा है।
राज्यपाल ने इसे महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
योजनाओं का लाभ वितरण
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न योजनाओं के हितलाभ वितरित किए गए।
ग्रामीणों को जाति प्रमाण पत्र, आजीविका मिशन की बहनों को कैश क्रेडिट योजना के चेक और स्कूली बच्चों को निःशुल्क साइकिल प्रदान की गई।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने राज्यपाल को मोगली की पेंटिंग भेंट की।
यह भी पढ़े :-राज्यपाल ने आंगवाडी केन्द्र पहुंचकर बच्चों एवं धात्री महिलाओं से की भेंट
इस अवसर पर विधायक बरघाट कमल मर्सकोले,
विधायक सिवनी दिनेश राय
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मालती डेहरिया
भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन
कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन
पुलिस अधीक्षक सुश्री सिमाला प्रसाद सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।



