क्राइममध्यप्रदेशसिवनी

खवासा बॉर्डर पर भड़की हिंसा: आरटीओ चौकी फूंकी, वाहन पलटा, देर रात पहुंचे एसपी कृष्ण लालचंदानी

वाहन जांच के दौरान शुरू हुए विवाद ने लिया हिंसक रूप, आरटीओ वाहन में तोड़फोड़; उपनिरीक्षक रघुवंशी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज

खवासा बॉर्डर आगजनी : आरटीओ चौकी फूंकी, वाहन में तोड़फोड़, देर रात पहुंचे एसपी

खवासा/सिवनी। महाराष्ट्र सीमा से लगे खवासा बॉर्डर पर मंगलवार देर रात आरटीओ कर्मचारियों और ट्रक चालकों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक घटनाक्रम में बदल गया। गुस्साए लोगों की भीड़ ने कथित रूप से अस्थाई आरटीओ चौकी में आग लगा दी, जबकि आरटीओ विभाग से संबंधित एक वाहन को पलटकर उसमें जमकर तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद बॉर्डर क्षेत्र में अफरा-तफरी, दहशत और तनाव का माहौल बन गया। देर रात तक पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर डटा रहा।

दस्तावेज जांच के दौरान बढ़ा विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात वाहनों की जांच और दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान आरटीओ कर्मचारियों एवं ट्रक चालकों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। प्रारंभिक विवाद कुछ ही समय में उग्र हो गया और मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी दौरान अस्थाई आरटीओ चौकी को आग के हवाले कर दिया गया। आग लगने से चौकी में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेजों, फर्नीचर एवं अन्य सामग्री को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आंकलन कराया जा रहा है।

आरटीओ वाहन को पलटकर की गई तोड़फोड़

उपद्रव के दौरान आरटीओ विभाग से संबंधित एक वाहन को भी निशाना बनाया गया। भीड़ ने वाहन को पलट दिया और उसके बाद वाहन के शीशे फोड़ दिए गए। वाहन के बाहरी हिस्से को भी भारी नुकसान पहुंचाया गया। घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें वाहन क्षतिग्रस्त अवस्था में दिखाई दे रहा है।

घटना के बाद लगा लंबा जाम

हिंसक घटनाक्रम के बाद खवासा बॉर्डर पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मालवाहक ट्रकों सहित अन्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था भी बाधित रही। देर रात तक दोनों ओर भारी संख्या में वाहन खड़े रहे।

देर रात मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक

घटना की गंभीरता को देखते हुए सिवनी पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी देर रात स्वयं खवासा बॉर्डर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया, अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की और कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक ने दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

आरटीओ उपनिरीक्षक की रिपोर्ट पर दर्ज हुआ मामला

इस संबंध में कुरई थाना प्रभारी के.एस. तेकाम ने बताया कि आरटीओ विभाग की उपनिरीक्षक रघुवंशी मैडम की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उपद्रव और आगजनी में शामिल अधिकांश लोग बाहरी प्रतीत हो रहे हैं। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जिन वाहनों के नंबर कैमरों में दर्ज हुए हैं, उनके आधार पर संबंधित लोगों से पूछताछ की जाएगी।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर होगी पहचान

पुलिस ने घटना से जुड़े वीडियो और सीसीटीवी फुटेज एकत्रित करना शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, आगजनी, तोड़फोड़ और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर लगातार कार्रवाई जारी है और मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

तनावपूर्ण शांति, पुलिस बल तैनात

घटना के बाद खवासा बॉर्डर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और जांच पूरी होने के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!