धारनाकला में फिर बाघ का हमला: महुआ चुनने गए युवक को बनाया शिकार, इलाके में दहशत
दो माह में चौथी घटना, 8 लाख मुआवजे की घोषणा; वन विभाग ने जंगल न जाने की अपील की
सिवनी बाघ हमला
Seoni 28 March 2026
सिवनी यशो:- सिवनी जिले के धारनाकला क्षेत्र में एक बार फिर बाघ के हमले से आदिवासी युवक की मौत हो गई।सिवनी बाघ हमला की लगातार हो रही घटनाओं से पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम डोरली निवासी 32 वर्षीय विनोद उईके सुबह अपने परिवार के साथ महुआ चुनने जंगल गया था। घने जंगल में सभी अलग-अलग दिशा में काम कर रहे थे, तभी बाघ ने अचानक हमला कर विनोद को अपना शिकार बना लिया।
छोटे भाई ने देखा बाघ, मचाया शोर
विनोद के छोटे भाई पंकज ने सबसे पहले बाघ को देखा और शोर मचाया। बाघ की दहाड़ सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। बताया जाता है कि बाघ शव को घसीटकर नाले में ले गया था।
परिवार के सामने टूटा दुखों का पहाड़
घटना के समय मृतक के माता-पिता और भाई जंगल में ही मौजूद थे, जबकि उसकी गर्भवती पत्नी घर पर थी। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
8 लाख मुआवजा, तत्काल सहायता
सिवनी बाघ हमला की सूचना मिलते ही वन विकास निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीओ द्वारा शासन की ओर से 8 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई, वहीं तत्काल 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।
दो माह में चौथी घटना, बढ़ा खतरा
सिवनी बाघ हमला घटना और भी गंभीर इसलिए है क्योंकि पिछले दो महीनों में यह चौथी घटना है, जिसमें अब तक चार लोगों की जान जा चुकी है। हाल ही में आष्टा क्षेत्र में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी।
वन विभाग की अपील
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे फिलहाल जंगल में जाने से बचें, खासकर महुआ चुनने के दौरान सावधानी बरतें। विभाग द्वारा बाघ की लगातार सर्चिंग भी की जा रही है।





