पेंच टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में मछली शिकार करते पकड़ा गया युवक, एक गिरफ्तार, दूसरा फरार
प्रतिबंधित नाहरझिर तालाब क्षेत्र में अवैध प्रवेश कर कर रहे थे मछलियों का शिकार, न्यायालय ने भेजा न्यायिक हिरासत में

पेंच टाइगर रिजर्व मछली शिकार – पेंच टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में मछली शिकार करते पकड़ा गया युवक, एक गिरफ्तार
Seoni 27 May 2026
सिवनी यशो:- पेंच टाइगर रिजर्व के प्रतिबंधित कोर क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश कर मछलियों का शिकार करने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जबकि एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। मामले में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पेंच टाइगर रिजर्व सिवनी अंतर्गत गेम रेंज गुमतरा के परिक्षेत्र सहायक वृत्त जमतरा की बीट नाहरझिर के कक्ष क्रमांक 1421 स्थित नाहरझिर तालाब क्षेत्र में दो व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से प्रवेश कर मछलियों का शिकार किया जा रहा था।
आधुनिक निगरानी प्रणाली से मिली सूचना
टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा बाघों की मॉनिटरिंग एवं अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में आधुनिक निगरानी प्रणाली स्थापित की गई है। इसी प्रणाली के माध्यम से प्रतिबंधित क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि की जानकारी प्राप्त हुई।
सूचना मिलते ही वन विभाग के मैदानी अमले ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और आरोपी फेली पिता लाखन वर्मा, निवासी ग्राम तितरी, थाना चांद, जिला छिंदवाड़ा को गिरफ्तार कर लिया।
न्यायालय ने भेजा न्यायिक हिरासत में
वन विभाग द्वारा आरोपी के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे माननीय न्यायालय छिंदवाड़ा में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं दूसरे फरार आरोपी की तलाश के लिए वन विभाग द्वारा अभियान जारी है।
प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश है दंडनीय अपराध
पेंच टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने बताया कि घटना जिस क्षेत्र में हुई है वह टाइगर रिजर्व का प्रतिबंधित कोर क्षेत्र है, जहां बिना वैध अनुमति किसी भी व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है। ऐसे क्षेत्र में प्रवेश करना एवं किसी भी प्रकार की गतिविधि संचालित करना वन्यजीव संरक्षण कानूनों के तहत दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है।
लगातार चलाए जा रहे जागरूकता अभियान
पेंच टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र के गांवों में हाल के दिनों में मानव-वन्यप्राणी संघर्ष की घटनाओं को देखते हुए प्रबंधन द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके तहत बाघ चौपाल, ग्राम समिति बैठकों, मुनादी तथा जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश नहीं करने की समझाइश दी जा रही है।
इसके बावजूद कुछ लोग निजी स्वार्थवश प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश कर स्वयं के साथ-साथ वन्यजीवों की सुरक्षा को भी खतरे में डाल रहे हैं।
आमजन से की गई अपील
पेंच टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित वन क्षेत्रों में प्रवेश न करें तथा वन एवं वन्यजीव संरक्षण संबंधी नियमों का पालन करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल वन विभाग को उपलब्ध कराएं ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
https://forest.mponline.gov.in/eBrochure/eBrochureDetailsV2.aspx?parkid=4



