सिवनी 22 अप्रैल 2023
भोपाल/ बालाघाट यशो:–मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गत दिवस 21 और 22 अप्रैल की मध्य रात्रि बालाघाट जिले के गढ़ी क्षेत्र में हॉक फोर्स एवं बालाघाट पुलिस की नक्सलियों से हुई मुठभेड़ में नक्सलियों का सफाया करने पर बधाई दी है। 14-14 लाख की इनामी दो दुर्दांत महिला नक्सली मार गिराई गई हैं। दोनों नक्सली एरिया कमेटी मेंबर होकर वर्षों से नक्सल गतिविधियों में संलग्न थी। पुलिस से मुठभेड़ के बाद इनके पास से थ्री नॉट थ्री (303) राइफल बरामद की गई। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस उपलब्धि पर बालाघाट पुलिस तथा हॉक फोर्स के जांबाज़ों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कल रात्रि बालाघाट में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में दो दुर्दांत नक्सलियों को मार गिराने की कार्रवाई में संलग्न जवानों का अभिनंदन करते हुए बधाई देता हूँ। उन्होंने कहा कि यह हमारी पुलिस की वीरता और सजगता है कि वह लगातार नक्सलियों का सफाया कर रही है। पिछले डेढ़ वर्ष में नक्सलियों के खिलाफ पुलिस और हॉक फोर्स जवानों द्वारा साहसिक रूप से किया गया यह चौथा एनकाउंटर था, जिसमें 8 दुर्दांत नक्सली मारे गए। इन पर लगभग डेढ़ करोड़ रुपए का इनाम घोषित था।
मध्यप्रदेश में नहीं फैलने देंगे नक्सलवाद
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में हम डकैत पनपने नहीं देंगे, नक्सलवाद फैलने नहीं देंगे। सिमी के बाद पीएफआई जैसे आंतकी घटना करने वाले लोगों का भी हम सफाया कर रहे हैं। गुंडे और बदमाश जो जनता के अमन और चैन को भंग करते हैं, उनको भी हम नहीं छोड़ेंगे, यह राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है।
हॉक फोर्स के जवानों को मिला है विशेष प्रोत्साहन
उल्लेखनीय है कि गत दस माह की अवधि में मध्यप्रदेश पुलिस ने चार मुठभेड़ में लगभग डेढ़ करोड़ रुपये के 8 इनामी नक्सलियों को मार गिराया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने गत वर्ष बालाघाट भ्रमण के दौरान हॉक फोर्स के जवानों से उनकी समस्याओं तथा कर्त्तव्य के बारे में विस्तृत रुप से चर्चा की थी। मुख्यमंत्री ने जवानों की कार्य समस्याओं से जुड़े मुद्दों पर संवेदनशील होकर हॉक फोर्स को 2 प्रकार के विशेष भत्ते तत्काल स्वीकृत भी किए। इससे उत्साहित होकर हॉक फोर्स के जवानों द्वारा नक्सल समस्या के उन्मूलन के लिए कर्त्तव्यनिष्ठ होकर लगातार कार्यवाहियों को अंजाम दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने स्वयं बालाघाट में उपस्थित होकर जवानों को क्रम पूर्व पदोन्नति प्रदान की तथा जवानों के परिजन से व्यक्तिगत मुलाकात कर प्रोत्साहित किया।
मारी गई दोनों महिलाएँ हार्डकोर नक्सली थीं
मध्यप्रदेश पुलिस के नक्सल विरोधी अभियान की यह एक और बड़ी सफलता है, जिसमें गत दिवस की रात को बालाघाट जिले के गढ़ी थाने अंतर्गत सूपखार वन रेंज के ग्राम कंदला के पास मुठभेड़ में 2 हार्डकोर महिला नक्सलियों को धराशायी किया गया। गत वर्ष अपनायी गई आक्रामक रणनीति की श्रृंखला में दोनों ही महिलाओं 23 वर्षीया सरिता और 26 वर्षीया सुनीता को धराशायी किया गया। ये दोनों नक्सली छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले की निवासी थीं। दोनों ही पिछले 7-8 वर्ष से प्रदेश में अनेक नक्सली वारदातों में लिप्त थी। दोनों बैहर थाना क्षेत्र के ग्राम मालखेड़ी में 6 नम्बर 2020 को हुई मुठभेड़ में भी शामिल रही। सरिता पर छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश राज्यों में 11 मामले दर्ज हैं। सुनीता पर भी 15 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संयुक्त रूप से प्रत्येक पर 14-14 लाख रूपये का इनाम घोषित था।
Contact us
- Manoj Mardan Trivedi (Owner & Editor)
- Yasonati@gmail.com
- 9425843297
Download App
Follow us on
© 2023 Copyrights Reserved | Dainik Yashonnati | Hosted by Webmitr Digital Services Pvt. Ltd.