सिवनी 07 मई 2023
सिवनी यशो:- पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने सिवनी जिले को विकास की रफ्तार में पिछडनें पर चिंता व्यक्त करते हुये कहा कि आज मुझे इस बात से घोर निराशा होती है कि सिवनी जिला विकास के मामले में बहुत पिछड़ा हुआ है यहाँ न तो रोजगार के लिये उद्योगों की स्थापना हो सकी है और न ही शिक्षा के लिये बेहतर इंतजाम हो पाये उन्होंने इंजीनियरिंग कालेज नही होने पर बेहद अफसोस जाहिर किया । पूर्व मुख्यमंत्री श्री नाथ रविवार को सिवनी जिले के ग्राम उड़ेपानी के प्रवास पर आये हुये थे यहाँ उन्होंने कांग्रेस के कार्यकत्र्ताओं को संबोधित करते हुये कहा कि सिवनी से मेरा पुराना संबंध हैं। यहां सिंचाई के साधन नहीं हैं, उद्योग नहीं हैं। इंजीनियरिंग कालेज तक नहीं हैं। रोजगार विहीन सिवनी में युवा भटक रहे हैं, ये सबसे बड़ी चुनौती है। सिवनी मेरा पड़ोसी जिला हैं, यहां से समर्थन मिलेगा तो मैं इसे छिंदवाड़ा से जोडूंगा। सिवनी मेरे दिल और दिमाग में रहता है। आज अपने सिवनी प्रवास के दौरान कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री नाथ ने एक ऐसी बात भी कही जो पिछले चुनाव में वह कह कर गये थे कि माचागोरा का पानी लालमाटी क्षेत्र में उनकी सरकार बनने पर प्राथमिकता से पहुँचाया जायेगा उसी बात को आज उन्होंने दूसरे तरीके से कहा कि माचागोरा की परियोजना का सिवनी को पर्याप्त लाभ नहीं मिला रहा श्री नाथ ने कहा कि जब यह योजना बन रही थी तब मैंने पूछा था सिवनी को कितना पानी मिलेगा। माचागोरा से सिवनी को मिल रहे पानी के कारण छिंदवाड़ा के लोग नाराज भी होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नहरों की हालत खराब हैं, निर्माण में भ्रष्टाचार किया गया है।
हमारी संस्कृति पर हमला हो रहा है, संस्कृति और संविधान बचाने हमें साथ होना पड़ेगा
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा कि हर चुनाव के अपने मायने होते है आगामी समय मेें जो विधानसभा चुनाव हैं, उसका बहुत बड़ा मायने हैं। आज हमारे सामने अपनी संस्कृतिक को कैसे जीवित रखने की चिंता है । विश्व में कोई ऐसा देश नहीं है, जहां इतने धर्म हों, इतनी भाषाएं हों, इतनी जाति के लोग हो हर गांव में विभिन्न धर्म के लोग हैं। भाईचारा जो हमारे देश की संस्कृति है। हम दिल जोड़ते हैं, रिश्ता जोड़ते हैं, संबंध जोड़ते हैं, गांव को जोड़कर रखते हैं। आज इस संस्कृति पर हमला शुरू हुआ है, कैसे नफरत फैलाई जाएं, लोगों को बांटा जाए। श्री नाथ ने कहा कि भारत का संविधान पूरे विश्व में मशहूर है इसका सम्मान है पर यह संविधान गलत हाथों से ं चला तो क्या होगा? तमिलनाडू में हिन्दी विवाद, पंजाब में खालिस्तान के नारे। आप पढ़ रहे हैं मणिपुर में बीते सात दिनों में क्या हो रहा हैं। विभिन्न जातियों के बीच में विवाद, हिंसा। कितने सारे लोग मारे गए मणिपुर में। हमारे देश की संस्कृति कहां जा रही हैं। हमारी चिंता है भारत की संस्कृति को बचाने की और इसके लिये हम सब साथ मिलकर बचाने के लिये काम करें । श्री नाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश में सबसे अधिक बेरोजगारी है और सिवनी में भी यही हाल है सिवनी के लोग चारों विधानसभा पर कांग्रेस पर विश्वास जताये मैँ भरोसा दिलाता हूँ सिवनी के विकास की प्राथमिकता से चिंता की जायेगी ।
हमने 27 लाखा किसानों का कर्ज माफ किया
पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने आम सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 15 माह की सरकार में ढाई माह तो लोक सभा आचार संहिता में निकल गए हैं। कांग्रेस ने सरकार में आदेश ही पहली किस्त में प्रदेश के 27 लाख किसानों का कर्जा माफ करने का काम किया। इसमें सिवनी के 62 हजार किसानों का कर्ज माफ किया गया। मैंने 100 रुपये में 100 यूनिट बिजली दी, कौन सा पाप किया? मैंने गो शालाओं का निर्माण किया, एक हजार गोशाला बनबाई कौन सी गलती करी?, मैंने पेंशन बढ़ाई कौन सा पाप किया। 18 साल सरकार में रहने के बाद शिवराज जी मुझसे पूछते हैं कमल नाथ ने क्या किया? मैंने कहा जो कमल नाथ ने किया उसका जबाव जनता आपको जवाब देंगी।
कां्रग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमल नाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भूमिपूजन मंत्री बताते हुये कहा कि अब चुनाव का समय आ गया है मुख्यमंत्री जी अपने जेब में नारियल लेकर चलते है ओर जहाँ जाते है कोई न कोई भूमिपूजन कर देते है । श्री नाथ ने इस बात पर दुख जताते हुये कहा कि इस सरकार के शासन में जहां विकास नहीं हुआ वहां विकास यात्राएँ निकाली जा रही है । अब जनता आपसे हिसाब मांगेगी। श्री नाथ ने कहा कि हम अपनी बहनों को 1500 रुपये प्रतिमाह देंगे। गैस सिलिंडर 500 रुपये में देंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव के लिये पांच माह का समय बचा हैं, इतनी सारी तस्वीर आपके सामने हैं। यह किसी उम्मीदवार का किसी पार्टी का नहीं सिवनी के भविष्य की बात हैं। आज प्रदेश में हमारे छात्र हड़ताल पर हैं। डाक्टर, अतिथि शिक्षक, संविदा कर्मचारी हड़ताल पर हैं। हर वर्ग असंतुष्ठ हैं। मध्यप्रदेश हड़ताल प्रदेश बन गया हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के सबसे भ्रष्ट प्रदेशों में मध्यप्रदेश को गिना जाता हैं। कोई यहां उद्योग के लिए निवेश नहीं करना चाहता हैं।
अभी तो यह ट्रेलर है
उड़ेपानी में श्री नाथ पत्रकारों से चर्चा भी की इस दौरान उन्होंने प्रदेश में बढ़ रहे कर्ज बेरोजगारी, आदि विषयों पर बात की तथा पूर्व मुख्यमंत्री के पुत्र एवं पूर्व मंत्री दीपक जोशी के कांग्रेस के प्रश्न पर कहा कि अभी तो ये ट्रेलर हैं। कमलनाथ जी के आगमन पर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राजकुमार खुराना सहित जिले के अधिकांश कांग्रेस नेता पहुँचे थे और मंच पर उनकी उपस्थिती रही ।