छिंदवाड़ामध्यप्रदेश
फिजिकल ट्रेनिंग कैंप से 126 छात्र,छात्राओं में 49 अभ्यार्थियों का हुआ चयन
अभ्यार्थियों का चयन जिले के लिए गर्व का विषय- एसपी अजय पांडे
Chhindwara 19 May 2025
छिन्दवाड़ा यशो:- पुलिस लाइन छिंदवाड़ा में आयोजित किए गए एक नि:शुल्क विशेष फिजिकल ट्रेनिंग कैंप के माध्यम से प्रशिक्षित अभ्यार्थियों को भर्ती परीक्षाओं में सफलता प्राप्त हुई, प्रशिक्षण सत्र में 126 छात्र छात्राओं को प्रशिक्षित किया गया था जिसमें 49 अभ्यार्थी पुलिस के विभिन्न पदों पर चयनित हुए। पुलिस अधीक्षक अजय पांडे (आईपीएस) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता (आईपीएस) के निर्देशन में, पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार, विशेष फिजिकल ट्रेनिंग कैंप का आयोजन किया गया था। इस कैंप का उद्देश्य पुलिस आरक्षक, एसएससी जीडी,सहित अन्य भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को निशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शारीरिक प्रशिक्षण प्रदान करना था।
प्रशिक्षण सत्र में कुल 126 छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षित किया गया, जिनमें से 40 अभ्यर्थी मध्यप्रदेश पुलिस में आरक्षक पद पर,1 अभ्यर्थी सब लेफ्टिनेंट पद पर, 8 अभ्यर्थी एसएससी जीडी कांस्टेबल पद पर चयनित हुए हैं। इस प्रशिक्षण कैंप का संचालन आरक्षक विजय द्वारा कोर्स प्रभारी के रूप में किया गया, जो पुलिस लाइन छिंदवाड़ा में पदस्थ हैं। यह संपूर्ण प्रशिक्षण रक्षित निरीक्षक आशीष तिवारी एवं पुलिस लाइन के लाइन अफसर केशव इंगले के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों में प्रधान आरक्षक राजेश उइके, आरक्षक मोहित रघुवंशी, शीतल बागमारे, अमित तोमर, प्रतीक नागवंशी, शुभम डायरिया एवं पवन रजक प्रमुख रूप से शामिल रहे।
इन सभी ने अपने थानों एवं इकाइयों से समय निकालकर अपने अनुभवों द्वारा छात्रों को मार्गदर्शन प्रदान किया। इसके अतिरिक्त रेलवे विभाग से टीसी शुभम गजभिए एवं टेक्नीशियन श्री जीवन यादव का भी सराहनीय सहयोग रहा। इस प्रशिक्षण के प्रचार-प्रसार हेतु सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का उपयोग किया गया, जिससे छिंदवाड़ा ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी इस अभियान से जुड़ सके। प्रशिक्षण के फलस्वरूप चयनित हुए 49 अभ्यर्थियों के सम्मान में छिंदवाड़ा पुलिस द्वारा एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
चयनित अभ्यार्थियों को एसपी ने किया प्रोत्साहित
पुलिस अधीक्षक अजय पांडे (आईपीएस) ने चयनित हुए समस्त आरक्षकों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, छिंदवाड़ा में आमंत्रित कर व्यक्तिगत रूप से प्रोत्साहित किया* एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों की मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता ना केवल उनके लिए, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है।
इस अवसर पर श्री पांडे ने यह भी आश्वस्त किया कि छिंदवाड़ा पुलिस आगे भी युवाओं को मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करती रहेगी, जिससे अधिक से अधिक प्रतिभाशाली युवा सरकारी सेवाओं में स्थान प्राप्त कर सकें।



