छपारा यशो:- 22 जनवरी को अयोध्या में भव्य राम मंदिर में विराजमान होने जा रहे जन-जन की श्रद्धा और आस्था के केन्द्र व आदर्श प्रभु श्रीराम जी की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के विशालतम आयोजन में सभी के सहभागी एवं साक्षी बनने की आमंत्रण श्रृंखला की अक्षत कलश यात्रा दिनांक 4 जनवरी को छपारा नगर के विभिन्न वार्डों में भ्रमण करती हुई प्रत्येक धर्मावलंबियों के द्वार -द्वार पहुंची।
कलश यात्रा में सभी सनातन धर्मानुरागियों, व्यायाम शाला, विहिप, बजरंगदल, स्वयं सेवकों, सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में संलग्न संगठनों तथा उनके कार्यकर्ताओं के साथ-साथ सभी राजनैतिक दलों एवं विशिष्ट हस्तियों ने उल्लासपूर्ण उपस्थिति के साथ सहभागिता की।
आयोजन के आमंत्रण की इस पहल में सभी से निवेदन सहित आयोजन में सहभागी बनने, कार्यक्रम की दिनांक और समयबद्ध व्यवस्थित रुपरेखा की जानकारी के साथ अपने स्वयं के घर, क्षेत्र, समस्त धार्मिक स्थलों में आयोजन के क्रियान्वयन के संदेश देकर सक्रिय सहभागिता के साथ अवसर को भव्यता प्रदान करने का आग्रह किया गया।



