मध्यप्रदेशसिवनीहेल्थ

यहाँ पानी के कारण युवाओं की नहीं हो रही शादी

यहाँ पानी के कारण युवाओं की नहीं हो रही शादी - Seoni News

सिवनी यशो:- जिले के आदिवासी विकास खंड घंसौर के अनेक ग्राम पेयजल की समस्या से जूझ रहे है इन पेयजल संकट से ग्रस्त कुछ ग्राम तो ऐसे है जहाँ कोई अपनी बेटी का विवाह संबंध भी नहीं करना चाहता । पेयजल संकट के कारण युवाओं की शादियाँ नहीं हो पा रही है । ऐसा एक ग्राम अगरिया कला जो पंचायत है अगरिया खुर्द के अंतर्गत आता है। इस ग्राम के निवासी दो किलोमीटर दूर से पैदल, बैलगाड़ी, और साईकिल से पानी लाते है । इस ग्राम में 600 परिवार निवास करते है जो मजदूरी और कृषि कार्य पर आश्रित है परंतु गांव के निवासियों का बहुत समय तो केवल पानी की जुटाने में गुजर जाता है । सरकार जनहितैषी होने का कितना भी हो हल्ला करें पर जब इस प्रकार की समस्याएँ सामने दिखाई देती है तो समझ आ जाता है कि सरकार की योजनाएँ कागजो में ही चल रही है । वास्तविक सुविधाओं का जिन्हें लाभ मिलना चाहिये उन्हें नहीं मिल पा रहा है । अगरियाकला ही ऐसा गांव नहीं है जहाँ कोई अपनी बेटी ब्याहना नहीं चाहता इसी विकासखंड के और भी गांव है जहां पानी के लिये ग्रामीणो को बड़ी मशक्कत करनी पड़ती है ।
इस गांव में मध्य प्रदेश सरकार की योजनाएं कागजों में ही दम तोड़ देती हैं। इस कारण आदिवासी वर्ग के लोग इस गांव में रहते तो हैं पर मूलभूत सुविधिाओं को तरस रहे ग्रामीण अपने बच्चों की शादी विवाह के लिए परेशान होते रहते है और कहते है कि यहाँ जलदेवता का श्राप है ।

यहाँ पानी के कारण युवाओं की नहीं हो रही शादी - Seoni News

वर्षो से पेयजल के लिये ग्रामीण अधिकारियों, नेताओं से आवेदन निवेदन कर रहे है परंतु इनकी समस्या के निराकरण के प्रति कोई गंभीर नहीं है । ग्रामीणो के अनुसार जल आवर्धन योजना के तहत इस गांव में पानी के लिए पाइपलाइन तो बिछाई गई है पर ना तो कनेक्शन दिए गए और ना ही पानी आया। पेयजल की समस्या के कारण इस गांव के लोगो को गंदा पानी भी पीना पड़ता है और अनेक बार इस गांव में हैजा फैलने की समस्या भी सामने आयी है ।

ग्रामीणों ने बताया कि 2 किलोमीटर दूर से रोजाना बैलगाड़ी, साइकिल और सर पर रखकर पानी अपने घरों में इस्तेमाल के लिए लाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव के युवाओं की शादी भी नहीं होती है। लड़की वाले कहते हैं कि गांव में पानी की समस्या है लड़की 2 किलोमीटर दूर जाकर पानी नहीं ला सकती, इस कारण से इस गांव के नौजवानों की शादी भी नहीं होती है।

इस संबंध में अधिकारियों का कहना है कि जल निगम से बात कर जल्द से जल्द गांव में पानी की व्यवस्था कराई जाएगी युवाओं की शादी ना होना यह सामाजिक मुद्दा है इस पर ग्रामीणों को समझाइश दी जाएगी।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button