धूमधाम से मनाई गई होली जमकर उड़े रंग और गुलाल
कॉलोनियों से लेकर सड़कों तक पर दिखी होली की उमंग
सिवनी 10 मार्च 23
सिवनी यशो:- रंग,गुलाल और अबीर से एक- दूसरे को सराबोर करने की होड़ और होली के गीतों की मस्ती के साथ रंगों का त्योहार होली बुधवार को पूरे जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। क्या अमीर, क्या गरीब सभी एक ही रंग में नजर आ रहे थे। हर तरफ होली की धूम थी। बच्चे, बूढ़े,जवान सभी होली की मस्ती में थे। बुधवार को पूरे जिले में होली का त्योहार धूम धाम से मनाया गया।
मोटरसाइकिलों पर सवार युवाओं ने विभिन्न गांवों में अपने दोस्तों के साथ होली मनाई और गुलाल लगा कर मिठाई बांटकर एक दूसरे को होली की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर बच्चों में काफी उत्साह देखा गया। उन्होंने अपने अंदाज में रंग खेलने का लुत्फ उठाया। एक दूसरे को गुलाल लगाया और ढोलक की थाप पर नाच गा कर होली के गीत गाकर जश्न मनाया। इस से पहले सुबह लोगों मंदिरों में पूजा अर्चना की और शाम को महिलाओं ने होली को लेकर विशेष रूप में पारंपरिक स्वादिष्ट व्यंजन बना कर खाएं।
गांव हो या शहर हर जगह होली की उमंग और उत्साह एक समान था। बच्चे सुबह से ही रंग, पिचकारी लेकर घर से निकल गए और अपने हम उम्र साथियों के साथ होली के आनंद में मशगूल हो गए। युवाओं की भी अपनी अगल महफिल जमीं थी। यह नजारा मुहल्ले के हर कॉलोनी, गली और चौक चौराहे पर दिख रहा था। महिलाओं की टोली भी किसी से कम नहीं थी। घर की छत या अपार्टमेंट की छत पर महिलाओं की महफिल जमी थी। पुरूषों की तरह महिलाओं ने भी होली का आनंद उठाया। सभी एक- दूसरे को रंगने में जुटी हुई थी। होली में लजीज व्यंजनों के बिना त्योहार अधूरा माना जाता है। होली में तरह तरह के व्यंजनों के साथ पुआ, कांजीबड़ा, दहीबड़ा भी बनाया गया था। होली की बधाई देने वालों की भी कमी नहीं थी। समूह में बंट कर लोग एक- दूसरे के घर पहुंचने और गुलाल लगा कर एक- दूसरे को होली की बधाई दी। बधाई देने का क्रम देर शाम तक जारी रहा। होली को लेकर सुरक्षा का पुख्ता इंतजार किया गया था। सभी संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल को तैनात किया गया था। होली की मस्ती में भांग न हो ऐसा हो नहीं सकता कुछ भांग के शौकीन भांग की ठंडाई के साथ होली का आनंद लिया जिले के हर कोने में होली धूमधाम से मनायी गयी ।



