छिंदवाड़ादेश विदेशमध्यप्रदेशराजनीति

कांग्रेस में एक व्यक्ति एक पद की नीति पर काम कर अधिक कार्यकर्ताओं को देगी अवसर

बूथ को मजबूत करने वरिष्ठ नेताओं ने दिये मंत्र, सम्बंधों से संगठन को मजबूत बनाया जाएगा

छिन्दवाड़ा यशो:- राजीव कांग्रेस भवन में कांग्रेस के प्रभारी, पर्यवेक्षक व ब्लॉक अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठनात्मक विषयों के साथ ही आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा हुई। क्षेत्रीय कांग्रेस कमेटियों में अविलम्ब नियुक्तियां करने हेतु निर्देशित किया गया। उपस्थित प्रभारी, पर्यवेक्षक व ब्लॉक अध्यक्षों ने अपने सुझाव भी प्रस्तुत किये।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे ने आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुये कहा कि कांग्रेस की सभी कमेटियों का पुर्नगठन सतत जारी है। क्षेत्रीय कमेटियों के गठन पर जोर देते हुये कहा कि अविलम्ब नियुक्तियां कर उसकी सूचना जिला कांग्रेस को प्रेषित करें। बूथ को मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठाने के साथ ही एक बूथ की जिम्मेदारी एक ही व्यक्ति को देना सुनिश्चित किया। उन्होंने आगामी दिवस में आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों पर बिन्दुवार चर्चा की। कांग्रेस के मोर्चा संगठन में नियुक्तियां प्रभारी से चर्चा के उपरांत की जाये साथ ही अपनी पसंद व नापसंद को दूर रखते हुये नियुक्ति की जाएगी।

पांढुर्ना जिला प्रभारी गंगा प्रसाद तिवारी ने कहा कि प्रत्येक बूथ का अध्ययन व समीक्षा करने के लिये अभी पर्याप्त समय है। जब कांग्रेस प्रत्येक क्षेत्र व जिले के कोने-कोने में मजबूत होगी तब ही कांग्रेस का प्रत्येक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मजबूत होगा। संगठन को मजबूत करने के लिये सबसे आवश्यक यह है कि हमें जनता के बीच पहुंचना होगा और सतत उनके सम्पर्क में रहना होगा, क्योंकि सम्बंधों से ही संगठन मजबूत होगा। उन्होंने आपसी मनमुटाव को दूर कर एकजुट होकर कार्य करने की सलाह दी।

जामई विधानसभा प्रभारी गोविंद राय ने सम्बोधित करते हुये कहा कि अब कांग्रेस में एक व्यक्ति के पास एक ही पद रहेगा। उन्होंने अपने उदबोधन में आगे कहा कि क्षेत्रीय कांग्रेस कमेटी में कहां बदलाव की आवश्यकता है यह भी तय करें। प्रत्येक बूथ की जिम्मेदारी, ब्लॉक एवं क्षेत्रीय कांग्रेस कमेटियों के मध्य तालमेल बना रहे। उन्होंने कांग्रेस छोडऩे वालों की सूची बनाने की जिम्मेदारी प्रभारी, पर्यवेक्षक व ब्लॉक अध्यक्षों को सौंपी।

दिग्गज कवियों का होगा समागम

निनाद कला समिति के सचिव आनंद बक्षी ने आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुये पूर्व सीएम माननीय कमलनाथ के जन्मदिवस पर आयोजित होने वाले आयोजनों पर विस्तृत जानकारी दी। कमलनाथ के जन्मदिवस पर दिग्गज कवियों का समागम होगा और हास्य व वीर रस की कविताओं का रस बरसेगा। ख्यातिलब्ध कवि कुमार विश्वास, सुनील जोगी, रमेश मुस्कान (हास्य), दिनेश बावरा (हास्य), कविता तिवारी (वीर) व प्रीति पांडे श्रृंगार रस की कविताओं पर अपनी शानदार प्रस्तुति देंगे।

कांग्रेस नवम्बर में मनायेगी विभिन्न कार्यक्रम

कांग्रेस के द्वारा आगामी दिवसों में आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। 14 नवम्बर को पंडित जवहार लाल नेहरू जी की जयंती, 15 नवम्बर को बिरसा मुंडा जयंती, 18 नवम्बर को पूर्व सीएम श्री कमलनाथ जी का जन्मदिवस व 19 नवम्बर को राष्ट्रनेत्री श्रीमती स्व. इंदिरा गांधी जी की जयंती मनाई जाएगी। आयोजित कार्यक्रमों की आयोजन की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button