मध्यप्रदेशराजनीतिसिवनी
जनजातीय कार्य विभाग में फर्जी नियुक्तियाँ और व्यापक भ्रष्टाचार
जिला पंचायत उपाध्यक्ष राकेश सनोडिया ने की शिकायत, कलेक्टर ने शिकायतों की जाँच का दिया आश्वासन
Seoni 21 January 2025
सिवनी यशो:- जनजाति कार्य विभाग मे व्यापक अनियमित्ताएँ और भ्रष्टाचार के आरोप जिला पंचायत के उपाध्यक्ष राकेश सनोडिया ने लगाये साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि जिला कलेक्टर के आदेशों का भी पालन जनजाति कार्य विभाग द्वारा नहीं किया जा रहा है ।
श्री सनोडिया ने मंगलवार को जिला कलेक्टर से भेंट कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा है जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि कि जनजाति कार्य विभाग द्वारा फर्जी तरीके से 50 से अधिक अपात्रों को अनुकंपा नियुक्तियाँ दी गयी है और जो पात्र आवेदक है उन्हें परेशान किया जा रहा है ।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री सनोडिया जिला कलेक्टर को जनजातीय कार्य विभाग में चल रही अनियमितताओं से अवगत कराते हुये दोषियों पर कार्यवाही सुनिश्चित करने की मांग की है । श्री सनोडिया ने बताया है कि उनके द्वारा जिला पंचायत की सामान्य सभा में 13 जनवरी को जनजाति कार्य विभाग की अनियमित्ताओं एवं भ्रष्टाचार पर विस्तार पूर्वक बात रखी गयी थी परंतु आज दिनांक तक जिला पंचायत द्वारा कोई संज्ञान नहीं लिये जाने से उन्होंने जिला कलेक्टर से भेंट कर जनजाति कार्य विभाग की अनियमित्ताओं एवं भ्रष्टाचार से अवगत कराया है ।
इसके साथ ही पाँच माह पूर्व जिला कलेक्टर को शिकायत की गयी थी जिस पर जिला कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लेते हुये चार अधिकारियों की टीम गठित कर मेरे द्वारा की गयी शिकायत की जाँच के आदेश दिये थे परंतु पाँच माह बीतने के बाद भी शिकायत की जाँच नहीं होने का जिला कलेक्टर को स्मरण कराया गया जिस पर जिला कलेक्टर ने जाँच कमेटी के अधिकारियों से जाँच के संबंध में जानकारी लेकर शीघ्र कार्यवाही का विश्वास दिलाया है ।
श्री सनोडिया ने बताया गया कि जनजातीय कार्य विभाग में अनुकम्पा नियुक्तियों में भारी अंधेरगर्दी करने के साथ ही 150 से अधिक अंशकालीन कर्मचारियों को दैनिक वेतनभोगी या स्थाई कर्मचारी का वेतन देकर शासन को लाखों का चूना लगाया जा रहा है। जिसकी शिकायत भी जिला कलेक्टर से गयी है ।
श्री सनोडिया ने बताया कि उन्होंने जिला कलेक्टर को अवगत कराया है कि बस्ती विकास योजना के तहत पिछले 3 वर्षों के स्वीकृत कार्यों की समीक्षा किया जाए तो पता चलेगा कई जगह बिना काम किए राशि का आहरण कर लिया गया है।
श्री सनोडिया ने कहा कि उनके द्वारा जनजाति कार्य विभाग में हो रही व्यापक अनियमित्ताओं एवं भ्रष्टाचार लगातार आवाज उठाई जा रही है परंतु कोई कार्यवाही नहीं होने से भ्रष्ट अधिकारियों के हौंसले बुलंद है । जिला कलेक्टर ने उनकी शिकायतो को गंभीरता से सुना है और जनजाति कार्य विभाग के सहायक आयुक्त को निर्देश दिये है कि शिकायतों की सूक्ष्मता से जाँच कर दोषियों के विरूद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये है ।



